फेस2न्यूज /चंडीगढ़
भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ कहकर शुभकामनाएं देने पर सवाल उठाते हुए चंडीगढ़ के कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
नरेश अरोड़ा ने कहा कि दीपावली करोड़ों देशवासियों की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ा पावन पर्व है। वहीं ईद का भी अपना अलग धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। भारत की खूबसूरती यही है कि यहां सभी धर्मों और त्योहारों का सम्मान किया जाता है, लेकिन हर पर्व की अपनी अलग पहचान और परंपरा होती है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या मनीष तिवारी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के इस बयान से सहमत हैं? क्या एच.एस. लक्की भी इस शब्द चयन का समर्थन करते हैं या इस मुद्दे पर उनकी कोई अलग राय है?
अरोड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता जानना चाहती है कि कांग्रेस के स्थानीय नेता इस विषय पर क्या सोच रखते हैं। क्या वे मानते हैं कि दीपावली को उसकी अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान के अनुरूप ही संबोधित किया जाना चाहिए?
उन्होंने कहा कि धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारा भारतीय समाज की सबसे बड़ी ताकत है। सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए, लेकिन किसी भी त्योहार की मूल पहचान और सांस्कृतिक महत्व को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
नरेश अरोड़ा ने कहा कि अब समय आ गया है कि सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ें और जनता के सामने स्पष्ट करें कि वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान से सहमत हैं या नहीं।
Chandigarh
Trending
फेस2न्यूज /चंडीगढ़