Monday, 16 November 2026
Breaking News
EXPLOSION ON RAIL TRACK IN SRIGANGANAGAR DISTRICT: TWO TIMER-EQUIPPED BOMBS RECOVERED मीडिया से 55 साल का संबंध, मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करें : स्पीकर वासुदेव देवनानी, राजस्थान विधानसभा BSMF PAKISTAN COMMEMORATES MARTYRDOM ANNIVERSARY OF KARTAR SINGH SARABHA AT LAHORE MARKFED OFFICIAL AT ABOHAR SUSPENDED AMIDST PROTESTS OVER PADDY PROCUREMENT DIGITAL 'SELF-CENSUS' OFFICIALLY LAUNCHED IN ABOHAR; MAYOR POOJA LEADS THE WAY FAZILKA DELEGATION DISCUSSES UNSETTLED LAND ISSUE WITH UNION MINISTER MEGHWAL “FOURTH ESTATE” HAS NO FOUNDATION IN THE CONSTITUTION, SAYS KBS SIDHU ON NATIONAL PRESS DAY UT CHANDIGARH DECLARE CHHATH PUJA CELEBERATION AS RESTRICTED HOLIDAY ON NOV. 16 MRSPTU MAIN CAMPUS CLINCHES OVERALL TROPHY AT YOUTH FESTIVAL; SWEEPS THREE OF FIVE CATEGORY TROPHIES  CHANMARI SNATCH WINNER IN STOPPAGE TIME AGAINST DEMPO SC FOR THEIR FIRST WIN OF THE SEASON
Rajasthan Trending

मीडिया से 55 साल का संबंध, मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करें : स्पीकर वासुदेव देवनानी, राजस्थान विधानसभा

लोकतंत्र में असहमति का भी सम्मान, संवैधानिक संस्थाओं के प्रति श्रद्धा बनी रहनी चाहिए : बलविंदर सिंह जम्मू, राष्ट्रीय अध्यक्ष, राजस्थान पत्रकार परिषद

चण्डीगढ़ : राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि उनका मीडिया से 55 सालों का संबंध है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को मर्यादाओं में रहकर निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता करनी चाहिए। पत्रकारिता लोकतंत्र की शक्ति है। संसद और विधानसभाओं में लिए गए निर्णयों का दस्तावेजीकरण संवैधानिक इतिहास का निर्माण करता है, वहीं पत्रकारिता उन निर्णयों के पीछे के विचारों, परिस्थितियों और जनभावनाओं को समाज के सामने सुरक्षित रखती है। पत्रकारिता लोकतंत्र के वर्तमान का चित्रण करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए समय का प्रमाण भी प्रस्तुत करती है। देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का भी सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं के प्रति श्रद्धा बनी रहनी चाहिए।

स्पीकर वासुदेव देवनानी  वि‌द्याधर नगर में राजस्थान पत्रकार परिषद के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह को शुभारम्भ किया। देवनानी ने वरिष्ठ पत्रकारों का साफा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। देवनानी ने कहा कि कलम की ताकत का वास्तविक परिचय उसके प्रभाव से मिलता है। एक समाचार किसी उपेक्षित गांव की समस्या को शासन तक पहुंचा सकता है, किसी पीड़ित के मन में न्याय की उम्मीद जगा सकता है और किसी सकारात्मक प्रयास को देशव्यापी पहचान दिला सकता है। पत्रकारिता की सार्थकता जनहित के प्रश्नों को प्रभावी ढंग से सामने लाने और समाज को सही दिशा में सोचने के लिए प्रेरित करने में निहित है।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन पत्रकारिता के योगदान के बिना अधूरा है। राजा राममोहन राय, बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और गणेश शंकर विद्यार्थी जैसे महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को राष्ट्रीय जागरण, जनचेतना और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाया। उनके विचार और लेखन आज भी पत्रकारिता की मूल प्रेरणा बने हुए हैं। देवनानी ने कहा कि संसदीय पत्रकारिता लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नागरिकों के निकट लाती है। सदन में होने वाली बहस, विधेयकों की भावना, जनप्रतिनिधियों के विचार और जनहित में लिए गए निर्णय जब पत्रकारिता के माध्यम से जनता तक पहुंचते हैं, तब संसदीय विमर्श व्यापक सामाजिक संवाद का हिस्सा बनता है। संवैधानिक संस्थाओं के प्रति सम्मान, उनकी कार्यप्रणाली की समझ और लोकतांत्रिक उत्तरदायित्वों के प्रति जागरुकता बढ़ाने में पत्रकारिता की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने पत्रकारिता के स्वरूप और गति में व्यापक परिवर्तन किया है। आज समाचार कुछ ही क्षणों में वैश्विक संवाद का हिस्सा बन जाता है। ऐसे समय में सूचना की शीघ्रता के साथ उसकी सत्यता, विश्वसनीयता और प्रमाणिकता सुनिश्चित करना और भी आवश्यक हो गया है।

देवनानी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पत्रकार की मौलिक भूमिका और अधिक महत्त्वपूर्ण होगी। तकनीक सूचना का विश्लेषण कर सकती है, लेकिन मानवीय संवेदना, सामाजिक संदर्भ, नैतिक विवेक और सार्वजनिक जवाबदेही पत्रकारिता के मूल आधार हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को समाज के सकारात्मक पक्षों को भी पर्याप्त स्थान देना चाहिए।

देवनानी ने ग्रामीण पत्रकारिता को लोकतंत्र की जमीनी संवेदना बताते हुए कहा कि दूरस्थ गांवों में कार्यरत पत्रकार स्थानीय समस्याओं, किसानों की अपेक्षाओं, विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासन से जुड़े विषयों को सामने लाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को जनसामान्य से जोड़ते हैं। महिला पत्रकारों की सहभागिता और अधिक बढ़नी चाहिए। उनकी सक्रिय भागीदारी से पत्रकारिता में नए दृष्टिकोण, व्यापक संवेदनशीलता और सामाजिक प्रश्नों की बेहतर अभिव्यक्ति सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम को विधायक कालीचरण सराफ, मेयर सुनिल कोठारी और परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलविंदर सिंह जम्मू ने भी सम्बोधित किया। राजस्थान पत्रकार परिषद के अध्यक्ष रोहित सोनी ने स्वागत किया। परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनिल लोढ़ा, गुलाब बत्रा, महेश शर्मा, महेश झालानी, योगेश जैमन, सत्यनारायण शर्मा, सुरेंद्र जैन पारस, अजीत तिवारी, पुरुषोत्तम सैनी, जगदीश जैमन, गिरिराज जैमन, वीरेंद्र सिंह राठौड़ और राजेन्द्र हंस का सम्मान किया गया।

0 Comments