आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य : डॉ. संतोष कुमार. यूरोलॉजी और हड्डियों के विशेषज्ञों ने दिया परामर्श, पीएसए व यूरोफ्लोमेट्री टेस्ट की सुविधा
मोहाली : गुरु नानक गीता कैलाश मेमोरियल फाउंडेशन और रेड क्रॉस सोसाइटी कुराली की ओर से लगाए गए विशाल मेडिकल कैंप में 300 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों को मुफ्त परामर्श दिया। जरूरत के अनुसार निःशुल्क डायग्नोस्टिक टेस्ट और दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
कैंप में सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए ब्लड टेस्ट, यूरोलॉजी संबंधी समस्याओं की पहचान के लिए यूरोफ्लोमेट्री और प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों की जांच के लिए पीएसए टेस्ट की सुविधा दी गई। पीजीआई के यूरोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को समय पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा।
आयोजकों ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए कैंप स्थल पर चाय और स्नैक्स की व्यवस्था भी की गई।
दोनों संस्थाओं ने कहा कि जनसेवा और सामाजिक कल्याण की भावना से भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।