मनमोहन सिंह ‘दानिश’
जब से मेरी एक महिला पत्रकार साथी ने बरसों के शोध के बाद यह बताया कि हवा का प्रदूषित होना मनुष्य के लिए बहुत ज़रूरी है क्योंकि प्रदूषण की वजह से सूरज की खतरनाक किरणें धरती पर नहीं आ पाती, मेरा तो पत्रकार बिरादरी में आना सफल हो गया वैसे भी महिलाएं पुरुषों से कम थोड़ा हैं।
हमारे यहां शोध हुआ कि धुएं और धुंध में रडार काम नहीं करता या गटर की गैस से चाय बनाई जा सकती है पर यह शोध एक पुरुष राज नेता ने किए पर मौजूदा शोध हमारी एक महिला पत्रकार साथी किया है। उसने साबित कर दिया कि हवा का प्रदूषण सूरज से आने वाली खतरनाक किरणों को रोकता है। इसलिए हवा का दूषित होना मानवता को बचाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
यही वजह की आज दिल्ली, फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में ज़मीन के भाव आसमान छूने लगे हैं। लोगों में प्रदूषित जगह पे प्लॉट लेने की होड़ लग गई। जहां तक प्रदूषण से होने वाली बीमारियों की बात है तो वे कुछ नहीं, उसके लिए आप ऑक्सिजन का छोटा सिलेंडर हमेशा अपने कांधे पर लटकाए घूम सकते हो। कैंसर का ऑपरेशन हो सकता है, दमे का भी इलाज है पर सूरज की खतरनाक किरणों से तो प्रदूषण ही बचा सकता है।
इस शोध के बाद सुना है कि चीन, जापान, और यूरोप या अमेरिका के लोग भी भारत में सेटल होने की सोचने लगें हैं। हो सकता है अपनी सरकार जल्दी ही सी एन जी या बिजली से चलने वाले वाहनों पर रोक लगा दे और केवल डीजल की गाड़ियों को ही सड़कों पर उतरने की इजाज़त दे। यह भी संभव है कि राष्ट्र हित में सरकार केवल उन्हीं उद्योगों को प्राथमिकता दे जो हवा में सबसे अधिक प्रदूषण फैलाएं।
इस महिला पत्रकार को इस सदी में विज्ञान का नोबेल पुरस्कार मिलना चाहिए। चलो नोबेल पुरस्कार तो विदेशी देते हैं पर भारत रत्न तो हमारी सरकार के हाथ है। इस महिला ने देश का नाम रोशन कर दिया। इस कलमकार की छाती चौड़ी हो गई। मेरे लिए तो फख्र की बात है कि पत्रकार बिरादरी की महिला ने यह चमत्कार किया है जो बड़े बड़े वैज्ञानिक नहीं कर पाए। वैसे तो आजकल मेरे पत्रकार साथी बड़े बड़े कारनामे कर रहे हैं कि पत्रकारिता की इज़्ज़त आसमान छू रही है। ह
मारे देशभक्त पत्रकार किसी भी टीवी बहस में झट से सत्ताधारी दल के प्रतिनिधि बन कर सामने आ जाते हैं। मजाल है किसी का ऐसा सवाल जो सत्ता को पसंद न हो वो सरकार के प्रतिनिधि तक पहुंच पाए। सवाल आया और पत्रकार ढाल बनकर सामने खड़ा।
यह नया भारत है यहां पत्रकार सत्ता के “नेचुरल विपक्ष” नहीं बल्कि उसके सहयोगी के रूप में सामने आते हैं। पहले सरकार खबर दबाती थी और पत्रकार खबर खोद कर निकाल लाते थे पर अब दोनों ने राष्ट्र हित में समझौता कर लिया है। दोनों ही खबर दबाने में एक साथ हो गए हैं। ऐसा सौभाग्य हमारे ज़माने के पत्रकारों को कभी नहीं मिला। खैर इस शोध के लिए उस महिला पत्रकार को बधाई।
मनोरंजन
Trending