Saturday, 03 October 2026
Breaking News
रामलीला मंचन एवं दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हनुमान चालीसा के पाठ से मिली शक्ति, 174 जिंदगियों की बनी ढाल प्रगति की अंधी दौड़ और दम तोड़ती प्रकृति आईएसबी और मैक्स इंडिया फाउंडेशन ने भारत में सीनियर केयर पर रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए शुरू की ‘स्केल’ पहल स्वास्थ्य और लोकतंत्र के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना: जीसीसीबीए में विशेष एनएसएस शिविर का प्रभावशाली सफर जारी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के छात्रों ने पंजाब यूनिवर्सिटी की "हार्मनी इन डाइवर्सिटी" प्रतियोगिता में संस्थान का नाम किया रोशन एमडीआर के विरोध में ‘नो यूपीआई डे’ का आह्वान वापस, वित्त मंत्री के आश्वासन के बाद व्यापारिक संगठनों ने लिया निर्णय: हरीश गर्ग पं. श्रद्धा राम फिल्लौरी की जयंती मनाई  "नशा एवं टीबी मुक्त युवा" विषय पर सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का उद्घाटन चंडीगढ़ में 3 अक्टूबर से गूंजेगा हरिनाम, 15वीं श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन
चंडीगढ़ Trending

रामलीला मंचन एवं दशहरा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

दीपक सिंह /चंडीगढ़

दिव्य रामायण युवा कला मंच की ओर से आयोजित किए जा रहे 5वें रामलीला मंचन एवं दशहरा महोत्सव-2026 की तैयारियां इन दिनों पूरे उत्साह और जोश के साथ चल रही हैं। आगामी 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक रामलीला मंचन तथा 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन को पहले के वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए मंच से लेकर मैदान तक तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से चल रहा है।

रामलीला के कलाकार इन दिनों नियमित रूप से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ रिहर्सल कर रहे हैं। कलाकारों द्वारा संवाद, अभिनय, युद्ध दृश्यों, प्रवेश एवं निकास तथा विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों का लगातार अभ्यास किया जा रहा है। सभी कलाकार रामलीला को यादगार बनाने के लिए पूरी मेहनत कर रहे हैं।

रामलीला के आयोजन स्थल को दर्शकों और कलाकारों के लिए सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाने के लिए समिति के सदस्य स्वयं सक्रिय रूप से मैदान की व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। मैदान की सफाई, आवश्यक सुधार, मंच एवं दर्शक क्षेत्र की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समिति का प्रयास है कि रामलीला के दौरान आने वाले हजारों दर्शकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

आयोजन की अनुमति एवं अन्य आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी समिति द्वारा संबंधित प्रशासनिक विभागों के साथ लगातार संपर्क एवं समन्वय किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारी रामलीला के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक सभी अनुमतियां एवं सुविधाएं समय पर प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं।

दशहरा महोत्सव के मुख्य आकर्षण रावण, कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के विशाल पुतलों के निर्माण का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। समिति द्वारा इस वर्ष पुतलों को और अधिक आकर्षक एवं भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है, ताकि दशहरा महोत्सव दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने।

रामलीला मंचन के डायरेक्टर श्री सुभाष वैद का पिछले दिनों दुर्घटना में घायल होने के बावजूद रामलीला को उच्चतम स्तर तक ले जाने का जुनून और समर्पण पूरी टीम के लिए प्रेरणा बना हुआ है। स्वास्थ्य संबंधी कठिनाई के बावजूद उनका लगातार आयोजन की तैयारियों से जुड़े रहना और कलाकारों का मार्गदर्शन करना उनके कला, संस्कृति और रामलीला के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

उनके इसी उत्साह से प्रेरित होकर पूरी टीम भी दोगुने जोश और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटी हुई है।

दिव्य रामायण युवा कला मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति, परंपरा, मर्यादा और संस्कारों को समाज तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष का रामलीला मंचन और दशहरा महोत्सव दर्शकों के लिए भव्य होने के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रूप से भी विशेष अनुभव बने।

समिति ने शहरवासियों से 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक रामलीला मंचन तथा 20 अक्टूबर को दशहरा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित पहुंचकर आयोजन का हिस्सा बनने और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया है।