ENGLISH HINDI Wednesday, May 08, 2024
Follow us on
 
ताज़ा ख़बरें
हरियाणा

'पगड़ी बंधाओ' के साथ 'हुक्का विद सेल्फी' की ओर आकर्षित हो रहे हैं हज़ारों पर्यटक

February 06, 2024 06:38 PM

फरीदाबाद, फेस2न्यूज:
हरियाणा के फरीदाबाद में चल रहे 37वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में 'हरियाणवी पगड़ी' पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पगड़ी बंधवाने और 'हुक्का सेल्फी' लेने के लिए दिनभर पर्यटकों की भीड़ लगी रहती है। हरियाणा के 'विरासत' की ओर से लगाई गई सांस्कृतिक प्रदर्शनी पर 'पगड़ी बंधाओ - फोटो खिंचाओ' में हरियाणवी पगड़ी बच्चों, महिलाओं, पुरुषों, युवाओं और बुजुर्गों तक सभी को अपनी ओर लगातार आकर्षित करती दिख रही है।
विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए 'विरासत' के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि हरियाणा की पगड़ी को अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड क्राफ्ट मेले में खूब लोकप्रियता प्राप्त हो रही है। पर्यटक पगड़ी बांधकर हुक्के के साथ सेल्फी, हरियाणवी झरोखे, हरियाणवी दरवाजों, आपणा घर के दरवाजों के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं। इससे हरियाणा की लोक सांस्कृतिक 'विरासत' खूब लोकप्रिय हो रही है। डॉ. पूनिया ने बताया कि मेले के दूसरे दिन भारत के उपराष्ट्रपति महामहिम श्री जगदीप धनखड़ की धर्मपत्नी श्रीमती सुदेश धनखड़ भी मेला अवलोकन के दौरान हरियाणवी पगड़ी बंधवा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लोकजीवन में पगड़ी की विशेष महत्वता है। पगड़ी की परंपरा का इतिहास हजारों वर्ष पुराना है। यह जहां एक ओर लोक सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी हुई है, वहीं पर सामाजिक सरोकारों से भी इसका गहरा नाता है।
हरियाणा के खादर, बांगर, बागड़, अहीरवाल, बृज, मेवात, कौरवी क्षेत्र समेत सभी क्षेत्रों में पगड़ी की विविधता देखने को मिलती है। प्राचीन काल में सिर को सुरक्षित रखने के लिए पगड़ी का प्रयोग किया जाता रहा है। इस परिधान को सभी परिधानों में सर्वोच्च स्थान मिला है। पगड़ी को लोक जीवन में पग, पाग, पग्गड़, पगड़ी, पगमंडासा, साफा, पेचा, फेंटा, खण्डवा, खण्डका, आदि नामों से भी जाना जाता है, जबकि साहित्य में पगड़ी को रूमालियो, परणा, शीशकाय, जालक, मुरैठा, मुकुट, कनटोपा, मदील, मोलिया और चिंदी आदि नामों से जाना जाता है। वास्तव में पगड़ी का मूल ध्येय शरीर के ऊपरी भाग (सिर) को सर्दी, गर्मी, धूप, लू, वर्षा आदि आपदाओं से सुरक्षित रखना रहा है। धीरे - धीरे इसे सामाजिक मान्यता के माध्यम से मान और सम्मान के प्रतीक के साथ जोड़ दिया गया, क्योंकि पगड़ी शिरोधार्य है। यदि पगड़ी के इतिहास में झांक कर देखें, तो अनादिकाल से ही पगड़ी को धारण करने की परम्परा रही है। फिलहाल मेला परिसर में 'आपणा घर' में सजी 'विरासत' प्रदर्शनी हर पर्यटक को हरियाणवी संस्कृति का संदेश दे रही है।

 
कुछ कहना है? अपनी टिप्पणी पोस्ट करें
 
और हरियाणा ख़बरें
मनसा देवी मंदिर के प्रवेश द्वार के नजदीक खुले सपा सेंटर्स पर चल रहा देह व्यापार का अवैध धंधा, पंचकुला धीरे धीरे बन रहा थाईलैंड बेसहारा पशुओं से दुर्घटनाओं में मृत्यु या दिव्यांग होने पर 1 लाख रुपए से 5 लाख रुपए तक दी जाती है वित्तीय सहायता विधानसभा बजट सत्र दौरान दो विधेयक पारित किए ईवीएम की फेक न्यूज अपलोड करने वाले व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश 25 फरवरी को गुरुग्राम में होगा मैराथन आयोजन हुक्का चलाने पर 85 सचांलक गिरफ्तार, 44 मामले, 353 हुक्के बरामद इंटरनेट बंद होने से परीक्षार्थी असमंजस में, रास्ते बंद होने से ट्रांसपोर्टर बेहाल लोकसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता हो जाएगी लागू – मुख्य निर्वाचन अधिकारी रोहतक-महम-हांसी नई रेल लाइन का हुआ शुभारंभ बोर्ड परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित