दीपक सिंह/ चंडीगढ़
टैगोर थिएटर के मिनी सभागार में परम्परा आर्ट्स के बैनर तले राजेश आत्रेय लिखित एवं अर्पणा गुप्ता की ओर से निर्देशित नाटक “मर्द हूँ ना” का मंचन किया गया जिसे दर्शकों नेड बहुत सराहा। नाटक में मुख्य रूप से वर्तमान समाज में पुरुषों की स्थिति का चित्रण किया गया था।
नाटक की शुरुआत एक मनोचिकित्सक के क्लिनिक में तनाव ग्रस्त युवा की व्यथा से होती है जो अपने दर्द का इज़हार किसी के भी सामने इस लिए नहीं कर पाता क्योंकि समाज उसे यही ताना मारता है कि मर्द कभी नहीं रोते, मर्द को कभी दर्द नहीं होता। इसके बाद एक ऐसे अधेड़ उम्र के व्यक्ति की कहानी सामने आती है जिसे एक युवा लड़की शुगर डैडी के रूप में इस्तेमाल करते हुए उसके पैसे लूटती है और उलटा उसे ही धमकी देती है। वह भी अपने दर्द को किसी के सामने बयाँ नहीं कर पाता।
इसी प्रकार नाटक में एक और मोड़ तब आता है जब हम देखते हैं कि एक नवविवाहित पति पत्नी में पति की शराफत का नाजायज़ फायदा उठाते हुए पत्नी उसे पहले ब्लैक मेल करती है फिर कोर्ट की धमकी देकर पैसे ऐंठती है। पति भी मर्द होने के कारण लाचार ही रहता है। इसी क्रम में एक नौकरीपेशा व्यक्ति भी ऑफिस और घर के दमन चक्र में फंस कर बेहाल हो जाता है पर अपना दुःख बता नहीं पाता।
अंतिम कहानी के रूप में हम देखते हैं कि किस प्रकार सडक पर मामूली से धक्के का फायदा उठाते हुए एक लडकी सिविल परीक्षा की तैयारी करने वाले युवक को झूठा आरोप लगाकर पुलिस के हवाले कर देती है जिससे उस लड़के का कॅरिअर तबाह हो जाता है। नाटक में अंत में सभी युवा एक साथ मंच पर आते हैं और दर्शकों से अनुरोध करते हैं कि आप अपनी बेटियों को भी बेटों के अनुसार ही उचित संस्कार दें ताकि कल आपमें से ही किसी के बेटे या भाई के साथ ऐसी प्रताड़ना ना हो।
किसी का बेटा नीले ड्रम में ना मिले और ना ही किसी युवक को पहाड़ी से धक्का दिया जाये। नाटक की विशेषता राजेश आत्रेय द्वारा उठाया गया नवीनतम कथानक, सटीक संवाद और उत्कृष्ट निर्देशन रहा। नाटक में मुख्य कलाकार थे कृष अग्रवाल, डॉक्टर वरुण खन्ना, माधुरी गहलौत, ज्योत्स्ना जोशी, आशु गुप्ता, सोनिमा सेतिया, दीपक शर्मा, तृष वर्मा, अरहम जैन, हरदिलजीत सिंह, कशीश, हंसिका, कल्पित तंवर, नीना बजाज और संजीव बंसल आदि |
मनोरंजन
Trending
दीपक सिंह/ चंडीगढ़