चंडीगढ़ में हरियाणा की तर्ज पर ‘चंडीगढ़ कौशल रोजगार निगम’ स्थापित करने की मांग; मृतक कर्मचारियों के परिवारों के लिए ₹10 लाख का बीमा और ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु पर ₹20 लाख मुआवजे का प्रस्ताव
चण्डीगढ़ : ऑल कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी संघ भारत, यू.टी. चंडीगढ़ ने चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से चंडीगढ़ प्रशासन एवं नगर निगम में कार्यरत लगभग 30 हजार कॉन्ट्रैक्चुअल, आउटसोर्सिंग एवं अस्थायी कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा, व्यापक सामाजिक सुरक्षा तथा उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुलाकात की थी।
इन्हीं मुद्दों पर आल कांटरैकचुअल कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल में चेयरमैन बिपिन शेर सिंह,प्रधान अशोक कुमार,महासचिव सतीश कुमार,आडिटर गुरप्रीत सिंह व प्रैस सचिव सन्नी कुमार ने चंडीगढ़ राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, लोकसभा सांसद मनीष तिवारी,सचिव श्रम एवं रोजगार सुश्री अनुराधा उगती, संयुक्त सचिव-सह-क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी चंडीगढ़ प्रशासन नितिश सिंगला को विस्तृत मांग-पत्र सौंपकर इन मामलों में ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है।
संघ ने मांग उठाई है कि वर्तमान जेम एवं निजी ठेकेदार आधारित आउटसोर्सिंग व्यवस्था के स्थान पर हरियाणा कौशल रोजगार निगम की तर्ज पर आवश्यक स्थानीय संशोधनों सहित ‘चंडीगढ़ कौशल रोजगार निगम’ अथवा एक केंद्रीकृत सरकारी आउटसोर्सिंग रोजगार एजेंसी स्थापित की जाए।
संघ के अनुसार मौजूदा व्यवस्था में ठेकेदार बदलने पर कर्मचारियों की नौकरी पर संकट, वेतन में देरी, अनधिकृत कटौती और सामाजिक सुरक्षा के अभाव जैसी समस्याएं लगातार सामने आती हैं।
प्रस्तावित सरकारी एजेंसी के माध्यम से कर्मचारियों की पारदर्शी भर्ती, समय पर पूरा वेतन, ईपीएफ एवं ईएसआईसी सहित सभी लागू सामाजिक सुरक्षा लाभ, आरक्षण व्यवस्था, शिकायत निवारण तथा ठेकेदार या टेंडर बदलने की स्थिति में भी रोजगार की निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
वरिष्ठ भाजपा व लोकसभा प्रत्याशी संजय टंडन ने भी आऊटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए हरियाणा की तर्ज पर नौकरी की सुरक्षा देने के लिए आवाज उठाई थी।
संघ ने कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए एक समान ग्रुप बीमा योजना लागू करने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके तहत सामान्य अथवा प्राकृतिक मृत्यु पर परिवार को ₹10 लाख तथा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर ₹20 लाख बीमा राशि देने की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त मृतक कर्मचारियों के परिवारों के लिए अलग से अनुग्रह राशि सहायता नीति बनाने का आग्रह किया गया है।
मांग-पत्र में मृतक कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए सरकारी शिक्षण संस्थानों में निःशुल्क शिक्षा अथवा फीस में छूट, किताबों एवं वर्दी के लिए आर्थिक सहायता, छात्रवृत्ति एवं कल्याणकारी योजनाओं में प्राथमिकता तथा ईपीएफ, ईएसआईसी, ग्रेच्युटी और बीमा संबंधी दावों के निपटारे के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी शामिल है।
संघ ने यह भी आग्रह किया है कि संबंधित विभागों के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित कर प्रस्तावित रोजगार निगम, बीमा एवं कर्मचारी कल्याण योजनाओं के वित्तीय और प्रशासनिक पहलुओं की जांच की जाए तथा इनके क्रियान्वयन के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाए।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम के विभिन्न विभागों में हजारों कर्मचारी वर्षों से सफाई, स्वास्थ्य, हाउसकीपिंग, सुरक्षा, तकनीकी एवं अन्य आवश्यक सार्वजनिक सेवाओं में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
इन कर्मचारियों और उनके परिवारों को सम्मानजनक जीवन, रोजगार की स्थिरता और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
संघ ने सांसदों एवं संबंधित अधिकारियों से इन मांगों को उचित स्तर पर उठाकर चंडीगढ़ प्रशासन से ठोस नीतिगत निर्णय करवाने की अपील की है।