पंजाब होम गार्ड्स जवानों एवं सिविल डिफेंस वालंटरियरों ने सेहत विभाग तथा फायर ब्रिगेड विभाग के सहयोग से ट्राईडेंट के अरुण मेमोरियल कंप्लेक्स में आयोजित की मुख्य मॉक ड्रिल एक्सरसाईज, जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार बरनाला श्री कुलदीप सिंह, भारतीय सेना के पूर्व विंग कमांडर श्री रमन चौधरी, ट्राईडेंट उद्योग समूह के एक्सटर्नल अफेयर्स हेड रूपेंद्र गुप्ता ने की मॉकड्रिल की अध्यक्षता।
अखिलेश बंसल /करन अवतार /ब्यूरो, बरनाला
पंजाब के बरनाला में शुक्रवार की रात्री डिप्टी कमिश्नर-कम-कंट्रोलर सिविल डिफेंस बरनाला श्री अभिजीत कपलिश और डिस्ट्रिक्ट कमांडर पंजाब होम गार्ड्स संगरूर-कम-एडिशनल कंट्रोलर सिविल डिफेंस बरनाला की गाइडेंस में, बरनाला जिले में सिविल डिफेंस की मॉक एक्सरसाइज की गईं। जिसका मुख्य केन्द्र ट्राइडेंट समूह का अरुण मेमोरियल कंपलेक्स रहा। जिसमें 60 से ज्यादा सिविल डिफेंस वॉलंटियरो और पंजाब होम गार्ड के 12 जवानों ने नोडल ऑफिसर एवं कंपनी कमांडर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में भाग लिया। जहां रात्री 8 बजते ही सायरन बजा और ब्लैक-आउट होते ही सिविल डिफेंस बरनाला की टीमों ने विभिन्न तरह के रेस्क्यू एक्सरसाइज करते नागरिकों की जान बचाने का अभ्यास करते अपनी काबलियत का प्रमाण दिया।
अंधेरे में मॉकड्रिल का हुआ अभ्यास
शुक्रवार की रात ट्राईडेंट ग्रुप के अरुण मेमोरियल परिसर में आयोजित हुए मॉकड्रिल अभ्यास की शुरुआत सांकेतिक कंट्रोलरूम पर एयररेड के मैसेज आने और सायरन बजने से हुई। उसके बाद सिविल डिफेंस के (महिला और पुरुष) वालंटियरों ने बखूबी प्रदर्शन करते हुए ब्लैक आउट करवाने, कलेप्स हुई बिल्डिंग और दूसरी जगह आग लगने पर इमारतों में फंसे नागरिकों को, जिनमें कुछ मृतक थे कुछ गंभीर घायल हुए थे उन नागरिकों को कम से कम समय में अस्पताल पहुंचाने, कुछ लोगों को घटनास्थल के पास ही सीपीआर देने, घबराहट से घायल और बेहोश हुए लोगों को प्राथमिक सहायता देने जैसी इवेंट्स का प्रदर्शन किया गया।
गौरतलब है कि मंच से सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन महिंदर कपिल ने मॉकड्रिल की पल-पल की जानकारी दे रहे थे। जिससे ब्लैकआउट/अंधेरे में मॉक ड्रिल प्रदर्शन कर रहे और मॉकड्रिल एक्सरसाइज का निरीक्षण कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी मिलती रही।
कंट्रोल रूम के सिग्नल से शुरू हुई मॉकड्रिल
सिविल डिफेंस एवं पंजाब होम गार्ड बरनाला ऑफिस में बने कंट्रोल रूम पर सीडीआई जतिंदर कुमार और सार्जेंट कुलवीर शर्मा (आरडब्ल्यूओ) ने अहम ड्यूटी दी। जिन्होंने सांकेतिक एयररेड की वार्निग को प्रशासन तक पहुंचाने, सिविल डिफेंस वॉलंटियरो और पूरे एरिया को सतर्क करने से लेकर खतरा टलने का दोबारा सायरन सिग्नल बजने के बाद स्थिति शांत होने तक की भूमिका निभाई।
गलियों मोहल्लों तक भी पहुँचे डिफेंस वॉलंटियर्स
ब्लैक-आउट के दौरान, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स ने संबंधित बाजारों और मोहल्लों में नागरिकों और दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें मॉक एक्सरसाइज के बारे में डिटेल में जानकारी देते अपने घरों की लाइट बंद करने को कहा। इसके साथ ही उन्हें किसी किस्म की अफवाहों से भी बचने की सलाह दी।
मॉक ड्रिल की टाईमिंग रही 21 मिनट
रात्रि सही 8 बजे ब्लैकआउट होना, एयर रेड से किसी बिल्डिंग का क्लैप्स होना, रेस्क्यू टीम का मात्र दो मिनट के अंदर 8.02 बजे घटनास्थल पर पहुंचना, एम्बुलेंस को बुलाना, 8.07 बजे कुछ अति गंभीर घायलों को एम्बुलेंस में लोड करके अस्पताल रवाना करना, दूसरी एम्बुलेंस में दो मृतक भेजे गए, तीसरी एम्बुलेंस 8.11 बजे पहुंची, उसमें आग से जले लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीनों एम्बुलेंस 11 से 12 मिनिट के अंदर अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुंची। इसी समय के दौरान लगी आग को बुझाने वाला वालंटियरों का दस्ता भी अलग अलग किस्म के सिलेंडर लेकर पहुंचा। जिन्होंने पूरी स्थिति को कुल 21 मिनट में पूरा किया।
तहसीलदार व विंग कमांडर बोले वालंटियर इतने सक्षम होंगे पहली बार देखा:
पंजाब के बरनाला में हुई मॉक ड्रिल की अध्यक्षता करने पहुंचे भारतीय सेना के पूर्व विंग कमांडर श्री रमन चौधरी, जिला प्रशासन की ओर से तहसीलदार बरनाला श्री कुलदीप सिंह, ट्राईडेंट उद्योग समूह के एक्सटर्नल अफेयर्स हेड रूपेंद्र गुप्ता ने सिविल डिफेंस बरनाला की टीम के वालंटियर की काबलियत की तारीफ की। इस मौके पर सिविल डिफेंस बरनाला के कंपनी कमांडर कुलदीप सिंह रंधावा, सिविल डिफेंस टीम के चीफ वार्डन महिंदर कुमार कपिल, ट्राइडेंट के एडमिन हेड साहिल गुलाटी, इंस्पेक्टर यशपाल, नगर पार्षद जगराज पंडोरी भी थे।