8 स्थानों की सूची जारी कर बाकी गांवों और सेक्टरों को क्यों छोड़ा? छठ व्रतियों को सिर्फ आश्वासन नहीं, सुविधाएं भी चाहिए
चण्डीगढ़ : छठ महापर्व को लेकर चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से जारी किए गए 8 स्थानों की सूची अब सवालों के घेरे में है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष गुरदेव यादव ने नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब चंडीगढ़ के कई गांवों और सेक्टरों में वर्षों से छठ पूजा का आयोजन होता आ रहा है, तो फिर केवल 8 स्थानों को ही सूची में शामिल करने का आधार क्या है? क्या बाकी क्षेत्रों के छठ व्रती श्रद्धालु नगर निगम की सुविधाओं के हकदार नहीं हैं?
गुरदेव यादव ने कहा कि पहले भी नगर निगम बिना किसी आधिकारिक सूची के विभिन्न स्थानों पर जेसीबी से छठ घाटों की खुदाई करवाता था और पानी भरने की व्यवस्था करता था। अब जब आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है, तो नगर निगम को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि इन सभी स्थानों पर घाटों की खुदाई, पानी, टेंट, लाइट, सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और अस्थायी शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी या नहीं।
उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से लगभग 50 लाख रुपये के बजट का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि यह राशि किन-किन घाटों पर खर्च होगी? प्रत्येक घाट के लिए कितना बजट निर्धारित किया गया है और किस मद में कितनी राशि खर्च की जाएगी? जनता को केवल बजट का आंकड़ा बताना काफी नहीं, बल्कि खर्च का पूरा ब्योरा भी सामने आना चाहिए।
गुरदेव यादव ने यह भी कहा कि सुबह सूर्य देव को अर्घ्य देने के बाद व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए चाय तथा स्वच्छ पीने के पानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि ठंड के मौसम में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व किसी एक गांव या क्षेत्र का त्योहार नहीं, बल्कि पूरे पूर्वांचल समाज की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। नगर निगम को सूची की सीमाओं में बंधकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन सभी गांवों और सेक्टरों में भी पहले की तरह उचित सुविधाएं उपलब्ध करवानी चाहिए, जहां वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है।
गुरदेव यादव ने दो टूक कहा कि छठ पूजा श्रद्धा और आस्था का पर्व है, इसे सरकारी औपचारिकता बनाकर नहीं छोड़ा जा सकता। नगर निगम को स्पष्ट करना होगा कि 50 लाख रुपये का बजट कहां और कैसे खर्च होगा। हर घाट पर समान सुविधाएं, बजट में पारदर्शिता और हर श्रद्धालु का सम्मान सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है।