जिला के सीनियर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक कर मांगी घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट
अखिलेश बंसल, बरनाला
22 जुलाई को बरनाला में मांगों के लिए प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और सफाई सेवक सेविकाओं पर हुए लाठीचार्ज के दौरान घायल हुए सेवकों का हाल जानने नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल कास्ट चेयरपर्सन श्री किशोर मकवाना बुधवार को वाल्मीकि भाईचारा के प्रतिनिधी विक्रमजीत विक्की (विक्की वाल्मीकि) के घर पहुंचे। सफाई कर्मचारियों से मुलाकात करते हुए उन्होंने कहा कि आयोग, अनुसूचित जातियों के लोगों की मांगों को पूरा करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सफाई कर्मचारियों पर हुआ अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं। इस मौके पर उनके साथ डायरेक्टर (नॉर्थ ज़ोन) परमिंदर सिंह और डिप्टी डायरेक्टर डॉ. आर. स्टालिन भी मौजूद थे।
सीनियर पुलिस व प्रशास्निक अधिकारियों से की बैठकः
सफाई कर्मचारियों से मुलाकात करने के बाद नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल्ड कास्ट्स चेयरपर्सन किशोर मकवाना बरनाला के डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेटिव कॉम्प्लेक्स पहुंचे। वहां उन्होंने स्पेशल डीजीपी (ह्यूमन राइट्स) मिस्टर नरेश अरोड़ा, डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप चहल, डिप्टी कमिश्नर हरप्रीत सिंह, एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम समेत जिला के सीनियर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक की।
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनाक्रम जांच के लिए एक एसआईटी गठित की गई है। लाठीचार्ज के आरोपित डीएसपी को सस्पेंड कर दिया गया है और सिटी थाना प्रभारी एसएचओ का तबादला कर दिया गया है। घटनाक्रम के दौरान घायल हुए सफाई कर्मियों को पर्याप्त मेडिकल और फाइनेंशियल मदद दी गई है। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरपर्सन किशोर मकवाना ने अधिकारियों से घटनाक्रम के अलग-अलग पहलुओं और एक्शन टेकन रिपोर्ट की विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा ताकि पीड़ितों को पूरा न्याय मिल सके।