जीरकपुर, कृतिका:
तमाम कोशिशों के बाद भी जीरकपुर नगर परिषद शहर में वॉटर सप्लाई और सीवरेज के अवैध कनेक्शनों को रोक नहीं पा रही है। एमसी की ओर से एक लिस्ट जारी की गई है, जिसमें बताया गया है कि इस समय एमसी शहर में 111 ट्यूबवेल्स से पानी दे रही है। लिस्ट अनुसार एमसी के पास अभी तक रेजिडेंशल में पानी और सीवरेज के 23320 कनेक्शन ही दर्ज हैं। इसके अलावा कमर्शियल में 3303 पानी और सीवरेज के कनेक्शन हैं। इन दोनों को जोड़कर 26623 कनेक्शन हुए। जबकि जीरकपुर एमसी को अब तक 1 लाख कनेक्शन रेगुलर कर देने चाहिए थे। शहर में रेजिडेंशल और कमर्शियल बिल्डिंग्स में पावरकॉम ने एक लाख के करीब बिजली कनेक्शन दिए हैं। इससे यह बात साफ होती है कि जितने बिजली मीटर होंगे, उतने ही पानी और सीवरेज के कनेक्शन होने चाहिए। अभी सिर्फ 25 प्रतिशत कनेक्शन ही रेगुलर हुए हैं, जो एमसी के लिए बड़ा घाटा है। 111 ट्यूबवेल्स से पानी देने के लिए जीरकपुर एमसी बिजली का जो बिल वहन कर रही है, उसका एक चौथाई हिस्सा भी पानी के बिलों के तौर पर एमसी को नहीं मिलता। वहीं, आबादी के अनुसार पानी के इस्तेमाल की बात करें तो एक ट्यूबवेल से 900 घरों को पानी दिया जा रहा है। जीरकपुर एमसी के पास पानी देने के लिए ट्यूबवेल्स की कमी नहीं है लेकिन ज्यादा देर तक अवैध कनेक्शनों से पानी देने पर एमसी को बड़ा नुकसान होगा और इससे भविष्य में पानी देने के लिए फंड नहीं जुटा पाएगी। इसलिए जीरकपुर एमसी को सभी कनेक्शंस को रेगुलर करने का काम करना चाहिए। इससे पानी की सप्लाई में भी सुधार होगा। लोगों को पर्याप्त पानी मिलेगा और फंड की भी कमी नहीं रहेगी।
सर्विस स्टेशंस पर हो रहा पानी का मिसयूज, घरों तक नहीं हो पाती सप्लाई:
शहर में कई जगह अवैध तौर पर सर्विस स्टेशन चल रहे हैं, जिनमें जीरकपुर एमसी की वॉटर सप्लाई लाइनों से सीधे गाड़ियों को धोने का काम किया जा रहा है। लोग पावरफुल मोटर चलाकर सर्विस स्टेशन में पानी खींच लेते हैं। इससे आसपास के एरिया में रहने वाले लोगों के घरों में पानी कम मात्रा में पहुंचता है। पानी का प्रेशर भी काफी कम हो जाता है, जिस कारण कई घरों में पानी की पर्याप्त सप्लाई भी नहीं हो पाती है। लोग अवैध सर्विस स्टेशंस पर कार्रवाई करने के लिए जीरकपुर एमसी से मांग उठा रहे हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पानी का मिसयूज होने के कारण शहर में कई जगह पानी की सप्लाई लो प्रेशर से हो रही है। घरों में पानी पर्याप्त प्रेशर से नहीं पहुंचने के कारण लोगों को पानी स्टोर करने के लिए मोटर लगानी पड़ रही है।
पंजाब
Trending
एक लाख के करीब घर, पानी के वैध कनेक्शन 23 हजार, बाकी सब अवैध
Read in:Hindi