Wednesday, 03 June 2026
Breaking News
पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारियों ने सेवा केंद्र में लगाईं मीठे पानी की छबील पत्रकार नव ठाकुरीया को देवर्षि नारद जयंती सम्मान मुर्दा बोले कफ़न फाड़े अहिंसा शिक्षा रत्न अवॉर्ड 2026 में ट्राइसिटी के लगभग 130 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान बशीर बद्र की ग़ज़लों की हिंदी में पहली किताब अबोहर में हुई थी प्रकाशित स्वर सप्तक कल्चरल सोसाइटी ने आयोजित की रवींद्र-नज़रूल संध्या कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी, हरियाणा ने पहली 'श्री माता मनसा देवी ट्रॉफी' अंडर-14 संयुक्त (लड़के/लड़कियां) क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता अलविदा बशीर बद्र उत्तराखंड और पूर्वाेत्तर राज्यों में बादल फटने की घटनाएं बढ़ने की संभावनाः मुख्यमंत्री श्री अमृतेश्वर महादेव मंदिर स्थापना दिवस की धूम : गायक बी प्राक की भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
हिमाचल Trending

कृषि क्षेत्र में हिमाचल करेगा देश का पथ प्रदर्शनः राज्यपाल

Read in:Hindi

शिमला, फेस2न्यूज:
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि हिमाचल प्राकृतिक कृषि राज्य बनने की ओर अग्रसर है। देवभूमि देश के अन्य राज्यों के लिए प्रेरणा की भूमि भी होनी चाहिए और राज्य कोे देशभर के सभी कृषि विज्ञान केंद्रों के लिए प्राकृतिक खेती के मामले में एक प्रमुख केंद्र की भूमिका निभानी चाहिए।
राज्यपाल आज डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी सोलन और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 12वें द्विवार्षिक राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र सम्मेलन के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था हमेशा से कृषि पर आधारित रही है, लेकिन दुर्भाग्यवश इस अर्थव्यवस्था की दिशा विदेशी मॉडलों पर विकसित होने लगी है। उन्होंने कहा कि विषय की समझ में भी परिवर्तन आने लगा है, हमारेे संस्थान भी पश्चिमी विचारों से प्रभावित हैं। उन्होंने संतोष व्यक्त करते कहा कि पिछले कुछ वर्षों में यह सोच बदलने लगी है, जिससे कृषि क्षेत्र में भी भारी बदलाव आया है।
राज्यपाल ने कहा कि पश्चिमी पद्धति का अनुसरण करने से कृषि योग्य भूमि की उत्पादकता में तेजी से कमी आई है। उन्होंने कहा कि इस समस्या का समाधान हमारी पारंपरिक कृषि में ही है।
उन्होंने कहा कि हम कभी भी प्रकृति के विरूद्ध नहीं रहे। भारतीय जीवन शैली प्रकृति से जुड़ी है और प्रकृति कृषि से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में इस कृषि पद्धति को अपनाने से अच्छे परिणाम सामने आए हैं और यह पद्धति तेजी से अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों ने उनके साथ अपने अनुभव साझा किए हैं। इस पद्धति को अपनाने से लागत में 27 प्रतिशत की कमी आई है और उत्पादन में लगभग 56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक खेती की इस पद्धति को और अधिक सफल बना सकते हैं। इससे किसानों की आय दोगुनी करने का प्रधानमंत्री का संकल्प भी पूरा होगा।
केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र के तकनीकी विस्तार में कृषि विज्ञान केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नैनो तकनीक को किसानों तक पहुंचाने में यह केन्द्र मददगार साबित हो सकते हैं। इन केंद्रों के माध्यम से नैनो यूरिया को बढ़ावा दिया जा सकता है ताकि इसे विदेशों से आयात करने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि हम कृषि विज्ञान केंद्रों के माध्यम से ड्रोन तकनीक का भी प्रदर्शन कर सकते हैं।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि सरकार कृषि को बढ़ावा देने और किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि किसान प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए उत्साहित हैं और खेती को बढ़ावा देने के लिए यह तकनीक खेती छोड़ रहे युवाओं को पुनः आकर्षित करने में मददगार साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों के दृढ़ संकल्प से ही खेती के नित्य प्रयोग भी सफल हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें किसानों को रासायनिक खेती से बाहर निकालना है और देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है।
आईसीआर के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्र ने कहा कि आईसीआर किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज कृषि क्षेत्र में आयात में कमी आई है और उत्पादकता में वृद्धि हुई है। कृषि विज्ञान केंद्र किसानों की आय को दोगुना करने के लिए कार्य कर रहे हैं। तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य की सुरक्षा के लिए टिकाऊ खेती की जानी चाहिए।