खेल मंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से की मुलाकात, श्रीलंका की युवा टीम को दी शुभकामनाएं; पलवल और दिल्ली में खेले जाएंगे सीरीज के छह मुकाबले
फेस2न्यूज / पलवल
हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल संबंधों को मजबूत करने की दिशा में पलवल में फ्रेंडशिप अंडर-15 क्रिकेट सीरीज का शानदार आगाज हुआ। हरियाणा सरकार के खेल एवं कानून मंत्री श्री गौरव गौतम ने पलवल स्थित एल.एम. क्रिकेट ग्राउंड, किटवाड़ी-खजूरका रोड पर श्रीलंका क्रिकेट एकेडमी की अंडर-15 टीम और पलवल की एल.एम. क्रिकेट एकेडमी की टीम के बीच खेले गए पहले मुकाबले का उद्घाटन किया।
यह मैत्री क्रिकेट सीरीज क्रिकेट डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत आयोजित की जा रही है। पहले मुकाबले का आयोजन हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) की ओर से किया गया। इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने श्रीलंका से आए युवा क्रिकेट खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खेल मंत्री ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय लिया और व्यक्तिगत रूप से बातचीत करते हुए उनके खेल अनुभव, प्रशिक्षण तथा क्रिकेट के प्रति रुचि के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न देशों और संस्कृतियों को आपस में जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय मैत्री प्रतियोगिताओं से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और एक-दूसरे से सीखने का बेहतरीन अवसर मिलता है।
पलवल में जल्द होंगे बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले
इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल में खेल सुविधाओं और खेल आयोजनों को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में पलवल में कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टीमें आएंगी और यहां बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पलवल के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों को इस मैत्री सीरीज के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के खिलाड़ी खेल भावना, अनुशासन और आपसी सद्भाव के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
हरियाणा की खेल संस्कृति को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान देशभर में खेलों और खिलाड़ियों की मेहनत के लिए रही है। प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। श्रीलंका की टीम का पलवल पहुंचना क्षेत्र के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संस्कृति और खेल के नए अनुभवों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर सीनियर क्रिकेट कोच एवं हरियाणा स्पोर्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन (रजिस्टर्ड) के सेक्रेटरी जनरल अमरजीत कुमार, एल.एम. क्रिकेट एकेडमी पलवल के कोच लक्ष्मण महलावत तथा श्रीलंका के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी एवं श्रीलंका अंडर-15 टीम के कोच रिजवान मेंडिस विशेष रूप से मौजूद रहे।
पलवल और दिल्ली में होंगे छह मुकाबले
आयोजकों के अनुसार, इस फ्रेंडशिप क्रिकेट सीरीज के अंतर्गत पलवल में कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद श्रीलंका की अंडर-15 टीम दिल्ली में भी तीन मैच खेलेगी। इस तरह दोनों देशों के युवा खिलाड़ियों को छह मुकाबलों के माध्यम से अपनी क्रिकेट प्रतिभा का प्रदर्शन करने और खेल कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा।
पलवल में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मैत्री क्रिकेट सीरीज को स्थानीय क्रिकेट जगत के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे न केवल पलवल की खेल गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट अनुभव हासिल करने का अवसर भी प्राप्त होगा।