मनमोहन सिंह ‘दानिश’
जी हजूर गधे किताबें नहीं पढ़ते। अगर वो किताबें पढ़ लें तो फिर वो गधे नहीं रहते। असल में गधे दो प्रकार के होते हैं, एक तो वो जो इसी बिरादरी में पैदा होते हैं और दूसरे वो जिनके माता पिता तो गधे नहीं होते पर वो बाद में इस बिरादरी में कन्वर्ट हो जाते हैं। उनकी सबसे बड़ी पहचान यह होती है कि वे किताबों को देख कर बिदक जाते हैं, ठीक उसी तरह जिस तरह से लाल रंग देख कर बैल बिदकता है। वैसे तो लाल रंग को देख कर कुछ और प्रजातियां भी बिदकती हैं पर उनकी चर्चा फिर कभी।
हां, तो बात चल रही थी गधा बिरादरी की। इस बिरादरी में किताबों से खास परहेज रखा जाता है क्योंकि कई गधे किताबें पढ़ने के कारण इनकी बिरादरी से बाहर हो गए। उन्होंने गधो की तरह से सोचना और काम करना बंद कर दिया। अब इस बिरादरी को चिंता है कि अगर सभी गधे किताबें पढ़ने लग गए तो उनकी बिरादरी तो अल्पमत में आ जाएगी। तो जाहिर है कि वे अपनी बिरादरी की रक्षा के लिए वे सब काम करने लगे हैं जिससे गधे किताबों के संपर्क में न आ सकें बस सुनी सुनाई बातों पर विश्वास करें।
हालांकि कुछ किताबें पढ़ चुके भी इस बिरादरी में मिल जाते हैं। लेकिन इस बिरादरी में एक बार आने के बाद वे अक्सर किताबें पढ़ना छोड़ देते हैं। बल्कि वे तो सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा लिखना शुरू कर देते हैं जिसे पढ़ कर उनकी बिरादरी के लोग बस तालियां बजाएं। उस लेखनी में ऐसी ऐसी कथाएं लिखी होती हैं जिनका कोई वजूद नहीं होता। लेकिन उस बिरादरी में उसे देव वाणी मान लिया जाता है क्योंकि गधे किताबें तो पढ़ते नहीं। अगर किताब पढ़ लें तो उन्हें पता चल जाए कि जिसे वे देव वाणी समझ रहे हैं वह तो झूठ का पुलिंदा है।
गधा होने की सबसे बड़ी पहचान यह है कि वह सामने खाई देख कर भी खुद को यह तसल्ली दे देता है कि वह खाई नहीं साफ सपाट सड़क है। पर जब खाई में गिर जाता है तो उसे पता चलता है कि वह तो खाई ही है पर तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। गधा प्रजाति आपको देश और दुनिया के हर भाग में मिल जाती है। हमारे यहां उत्तर भारत में तो इस प्रजाति की भरमार है पर दक्षिण भारत में भी यह प्रजाति अब उभरने लगी है।
यही वजह है कि हमारे देश में जूते शो रूम्स में और किताबें फुटपाथ पर बिकने लगी हैं कारण गधा बिरादरी की बढ़ती गिनती। क्योंकि गधे किताबें नहीं पढ़ते।
मनोरंजन
Trending