भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. देसराज गुप्ता के सुपुत्र विकास गुप्ता ने प्रेम गर्ग को भेजा संदेश, सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए माफी मांगने की रखी मांग
मनीमाजरा : आम आदमी पार्टी के नेता प्रेम गर्ग से पूरे बनिया एवं अग्रवाल समाज के समक्ष सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग उठी है। मनीमाजरा के भाजपा नेता विकास गुप्ता ने चेतावनी दी है कि यदि प्रेम गर्ग ने समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विकास गुप्ता भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय देसराज गुप्ता के सुपुत्र हैं।
विकास गुप्ता ने प्रेम गर्ग के नाम जारी अपने संदेश में कहा कि अग्रवाल समाज द्वारा प्रेम गर्ग और पूर्व महापौर राजेश कालिया के बीच समझौता करवाना एक सराहनीय कदम है। इससे आपसी भाईचारे का संदेश गया है, लेकिन इस पूरे प्रकरण में अग्रवाल समाज की प्रतिष्ठा को पहुंची ठेस का मुद्दा अभी भी बाकी है।
उन्होंने कहा कि प्रेम गर्ग ने अभी तक पूरे अग्रवाल समाज से सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी है। केवल समाज के चार लोगों से मुलाकात कर लेने को माफी नहीं माना जा सकता, क्योंकि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे समाज के मान-सम्मान का सवाल है।
विकास गुप्ता ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक हुए ऑडियो के कारण अग्रवाल समाज की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। उन्होंने मांग की कि प्रेम गर्ग इस संबंध में अपना वीडियो जारी करें और सोशल मीडिया तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे अग्रवाल समाज से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रेम गर्ग और राजेश कालिया के बीच आपसी विवाद अलग विषय है, जबकि अग्रवाल सभा और समस्त समाज की मान-प्रतिष्ठा का मुद्दा अलग है। दोनों मामलों को एक-दूसरे से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
विकास गुप्ता ने प्रेम गर्ग से अंतिम बार अपील करते हुए कहा कि वे जल्द से जल्द इस मामले को समाप्त करें और पूरे समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। ऐसा नहीं होने पर उन्हें कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।