डेराबस्सी, कृतिका:
हैबतपुर रोड पर रविवार रात बैग की तलाशी लेने को लेकर हुए विवाद दौरान मुबारिकपुर चौकी इंचार्ज बलविंदर सिंह द्वारा एक युवक की जांघ पर गोली मारकर जख्मी करने के मामले में उन्हें निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एसएसपी मोहाली विवेकशील ने एक टीम का गठन किया। इस टीम को एसपी हेड क्वार्टर मोहाली लीड करेंगे। तीन सदस्यीय इस टीम में एसपी हेड क्वार्टर, डीएसपी डेराबस्सी और डीएसपी मुल्लांपुर शामिल हैं, जो जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डेराबस्सी डीएसपी गुरबख्शीश सिंह ने बताया कि टीम जांच के दौरान पता लगाएगी कि आखिर मुबारिकपुर चौकी इंचार्ज बलविंदर सिंह ने गोली क्यों चलाई। वहीं, यह भी पता लगाएगी कि घायल पक्ष की ओर से पुलिस पर हमला क्यों किया। इसके बाद आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि घायल पक्ष ने अभी तक बयान नहीं दर्ज कराया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल युवक हितेश उर्फ हैप्पी की स्थिति अब ठीक है। जांच में पता चला कि यह परिवार कुछ समय पहले ही किराये के मकान में यहां रहने आया है। बता दें कि रविवार की रात गश्त दौरान पुलिस ने एक युवक अक्षय को बैग चेक करवाने के लिए कहा तो उसके पास खड़ी उसकी पत्नी पूजा और साली दिव्या ने इसका विरोध किया। इसी दौरान उनकी पुलिस के साथ कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि चौकी इंचार्ज बलविंदर सिंह ने गोली चला दी, जो साथ में खड़े पूजा के भाई हितेश की बाईं जांघ पर लगी। इस दौरान चार लोग घायल हुए थे। इनमें हितेश, पूजा, दिव्या और एक पुलिसकर्मी शामिल है।
गोली चलाने वाला चौकी इंचार्ज निलंबित
Read in:Hindi