चंडीगढ़: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा सोमवार को प्राचीन खेड़ा मंदिर, सेक्टर-28 से विशाल एवं भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया जिसका समापन सेक्टर 27 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में हुआ। बाद में यहां शिव भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर गौरी शंकर सेवादल गौशाला, सेक्टर-45 डी की ओर से शोभायात्रा की व्यवस्थाओं में अहम योगदान दिया गया। सेवादल की विभिन्न टीमों ने आयोजन को सफल बनाने हेतु पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम में सुमित शर्मा, विनोद कुमार, राहुल महाजन, अशोक कुमार, लखीराम सहित अन्य सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
गौशाला सेक्टर-45 के प्रबंधक विनोद कुमार ने बताया कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 2026” के अंतर्गत सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने तथा हजार वर्षों के संघर्ष और गौरवगाथा को स्मरण करते हुए देशभर में इस प्रकार की भव्य कलश यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन मूल्यों के जागरण का प्रतीक है। भक्ति और संस्कृति के इस उत्सव के माध्यम से समाज को अपनी परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि सोमनाथ की गौरवगाथा सदियों से भारतीय समाज को एकता, आत्मविश्वास और आस्था का संदेश देती रही है तथा जब-जब देश की सांस्कृतिक पहचान पर संकट आया, तब-तब सनातन परंपराओं ने समाज को नई शक्ति प्रदान की है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में टैगोर थिएटर के निदेशक अभिषेक शर्मा का भी विशेष योगदान रहा।
Chandigarh
Trending
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ में निकली भव्य कलश शोभायात्रा