मनमोहन सिंह ‘दानिश’
पिछले जन्म में मैं शायद भांड मिरासी या कोई बड़ा दरबारी रहा हूंगा तभी तो इस जन्म में मुझे पत्रकार होने का मौका मिला। मैं यह भी स्पष्ट कर दूं कि मैं कोई छोटा पत्रकार नहीं बल्कि बहुत बड़ा पत्रकार हूं।
मैं वो पत्रकार हूं जो सत्ता से नहीं विपक्ष से सवाल पूछता है। सत्ता से सवाल पूछना पुराना रिवाज था। तभी तो उस समय के पत्रकार टूटी चप्पल पहने कांधे पर एक झोला लटकाए पुरानी सी साइकिल पर घूमा करते थे। कोई पूंजीपति, कोई जागीरदार, कारखानेदार उन्हें मुँह नहीं लगता था। आज मैंने विपक्ष को कटघरे में खड़ा करने का काम शुरू किया है तो मेरे पास लग्ज़री कार, एक बड़ा सा बंगला, नौकर चाकर, सभी हैं। बस राज्यसभा की कुर्सी मिलना बाकी है।
मेरा आम आदमी से कुछ लेना देना नहीं। मेरे लिए सबसे ऊंची कुर्सी पर बैठे मेरे आका के मुंह से निकला हर लफ़्ज़ खबर है। अगर टीवी पर बहस हो तो मैं अपनी घोर बेइज्ज़ती करवा कर भी सत्ता पक्ष के प्रवक्ता को बचाता हूं। वैसे ऐसी बहस में मैं विपक्ष की तरफ से किसी साधारण से नेता को बुलाने की कोशिश करता हूं।
भांड मिरासियों की तरह गला फाड़ कर चिल्लाने की कला तो मुझमें पिछले जन्म से है। सत्ता को बचाने के लिए तो मैं स्टूडियो में आई जनता से भी भीड़ जाता हूं।
नेताओं और मंत्रियों के साथ सरकारी पैसे पर मैं अक्सर विदेश भी चला जाता हूं खास कर उस देश में जहां मेरे बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण कर रहे होते हैं। इस बहाने उनसे मुलाकात भी हो जाती है। हमारे यहां की शिक्षा का स्तर तो आपको अपने मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों यहां तक कि प्रधानमंत्री के भाषण सुन कर लग जाता है। तो, मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चे भी ऐसे ही शिक्षित बने।
जहां तक राज्यसभा की सदस्यता की बात है तो वो जुगाड़ मैं कर रहा हूं पर उसके लिए सौ दो सौ करोड़ पार्टी को देने पड़ेंगे केवल उसके तलवे चाटकर टिकट नहीं मिलेगा। इतिहास गवाह है कि ऐसा कारनामा केवल चैनल का मालिक ही कर सकता है। उसके लिए मुझे और मेहनत करनी होगी।
बाकी मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि लोग मेरे बारे में क्या राय रखते हैं। बड़े बड़े सम्मान तो सरकार ही देती है तो वो मुझे मिलते रहते हैं। हालांकि वो मेरी पत्रकारिता के लिए नहीं बल्कि सत्ता की चापलूसी के लिए मिलते हैं। पर इससे क्या फर्क पड़ता है। हां, अभी मुझे पी एचडी की डिग्री और लेनी है। उसका प्रयास भी कर रहा हूं। भगवान अगले जन्म में भी मुझे तलवे चाटने की कला के साथ पैदा करे ऐसी मेरी इच्छा है।
मनोरंजन
Trending