11 अक्टूबर को हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी करेंगी भव्य शंखनाद., नशे से दूर, अपनी सनातन संस्कृति के साथ थीम पर रतन लाल कटारिया सेवा ट्रस्ट और होटल पल्लवी ग्रैंड का अनूठा सांस्कृतिक महाकुंभ, ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 9 दिनों तक दिखेगी सनातन संस्कारों की अनूठी झलक; उद्घाटन के दिन ट्राईसिटी वासियों के लिए एंट्री रहेगी पूरी तरह निःशुल्क
पंचकूला : पंचकूला के सांस्कृतिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। शहर में पहली बार बेहद भव्य और वृहद स्तर पर 9 दिवसीय ‘गरबा व डांडिया उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। रतनलाल कटारिया सेवा ट्रस्ट और होटल पल्लवी ग्रैंड के संयुक्त तत्वावधान में सजने वाला यह सांस्कृतिक महाकुंभ 11 अक्टूबर से शुरू होकर 19 अक्टूबर तक समूचे ट्राईसिटी को उत्सव के रंग में सराबोर करेगा।
इस ऐतिहासिक महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सैनी के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। उद्घाटन के पावन अवसर पर 11 अक्टूबर को आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क (फ्री) रहेगा।
इस संबंध में आयोजित एक विशेष पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया ने बताया कि यह गरिमामयी आयोजन देश भर में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के तहत किया जा रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “इस उत्सव की मुख्य थीम ‘नशे से दूर, अपनी सनातन संस्कृति के साथ’ तय की गई है। हमारा संकल्प आज की युवा पीढ़ी को नशे की गर्त से बाहर निकालकर अपनी गौरवशाली सनातन संस्कृति, मर्यादा और संस्कारों से रूबरू कराना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विजन 2047’ के अनुरूप आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की नींव युवा शक्ति ही है। इसी ताकत के बल पर भारत वैश्विक पटल पर ‘सोने का शेर’ बनकर दहाड़ेगा।”
पत्रकार वार्ता में विशेष रूप से मौजूद पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सनातन संस्कृति सदैव समावेशी रही है। गरबा और डांडिया भले ही गुजरात की माटी का लोक नृत्य हो, लेकिन आज यह वैश्विक स्तर पर आपसी सौहार्द और भाईचारे का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। पंचकूला में पहली बार हो रहा यह डांडिया रास सामाजिक ताने-बाने और आपसी समरसता को नई मजबूती प्रदान करेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल ने कहा कि यह भव्य उत्सव हमारे शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के प्रयासों को एक नई सामाजिक ऊर्जा देगा। जब हमारे शहर के युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों और संस्कारों से जुड़ेंगे, तो समाज में अपने आप एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। यह आयोजन शहर के गौरव को बढ़ाने वाला है।
वहीं, शिवालिक विकास बोर्ड के कार्यकारी उपाध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश देवीनगर ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह मंच केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि युवाओं को उनके अधिकारों के साथ-साथ उनके सांस्कृतिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का एक बेहतरीन और प्रभावी माध्यम साबित होगा। इसके जरिए हम अपनी आने वाली पीढ़ी को एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दे सकते हैं।
आयोजन की तैयारियों को लेकर पल्लवी ग्रैंड के प्रबंध निदेशक राजीव गुप्ता और कार्यक्रम संयोजक दिनेश गुप्ता ने कहा कि पंचकूला में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर विशुद्ध पारिवारिक, सुरक्षित और मर्यादित माहौल में गरबा-डांडिया उत्सव की रूपरेखा तैयार की गई है। पल्लवी ग्रैंड इस ऐतिहासिक महा-उत्सव की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यहाँ आने वाले नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और परिवारों के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद और विश्वस्तरीय इंतजाम किए गए हैं ताकि हर कोई बिना किसी झिझक के इस उत्सव का आनंद ले सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस मे उपस्थिति श्रीमती बंतो कटारिया, महापौर शाम लाल बंसल, ज्ञानचंद गुप्ता, व ओम प्रकाश देवीनगर ने इस कार्यक्रम के आयोजक होटल पल्लवी ग्रांड के निर्देशक राजीव गुप्ता एवं संयोजक दिनेश गुप्ता द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा एवं सराहना करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
आयोजक समिति राजीव गुप्ता व दिनेश गुप्ता ने समस्त ट्राईसिटी – पंचकूला, चंडीगढ़ और मोहाली के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवारों के साथ पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर इस भव्य लोक-संस्कृति के महा-उत्सव का हिस्सा बनें और इसे ऐतिहासिक बनाएं।
जीवन शैली
Trending
पंचकूला में पहली बार सजेगा ऐतिहासिक गरबा-डांडिया का महा-पंडाल