Monday, 08 June 2026
Breaking News
हिमाचल महासभा की कार्यकारिणी की बैठक में भावी कार्यक्रमों की रूपरेखा की तय  एस्पायर संस्थान 15 ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को प्रदान करेगा निःशुल्क कोचिंग मुख्यमंत्री ने ‘एस्पायर टैलेंट हंट’ का पोस्टर जारी किया प्रथम स्वर्गीय चौधरी भजन लाल ट्रॉफी उत्तर क्षेत्र अंडर-14 संयुक्त लड़के एवं लड़कियों का क्रिकेट टूर्नामेंट 17 जून से पंचकूला में सजा श्री बालाजी महाराज का दिव्य दरबार, महंत दिनेश पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं की समस्याओं का किया समाधान किसी को मुझे आज़माना नहीं है प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ, सुरक्षित और हरित भविष्य की नींव है : कमांडेंट कमल सिसोदिया 5 सिग्नल बटालियन, केरिपुबल, हैल्लोमाज़रा में किया गया वृक्षारोपण डेराबस्सी ओवरब्रिज के नीचे 'अवैध बस्ती', बाथरूम तक बने, प्रशासन ने मूंदी आंखें ओआरसी सैनिक अकादमी के दो छात्रों का राष्ट्रीय सैनिक विद्यालयों में चयन "पेड़-पौधों में भी प्राण हैं,धरती की शान हैं...इनको बचाओ, हरा-भरा बनाओ और स्वस्थ जीवन पाओ"
हरियाणा Trending

आमजन के लिए खुला बहुप्रतीक्षित गुरुग्राम सोहना एलिवेटेड हाईवे

Read in:Hindi

गुरुग्राम, फेस2न्यूज:
गुरुग्राम के राजीव चौक से सोहना तक के सफर को जाममुक्त करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग 248ए पर निर्मित 6 लेन एलिवेटेड हाइवे को यातायात के लिए ट्रायल के तौर पर खोल दिया गया है।
ट्वीट्स के माध्यम से उक्त जानकारी देते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि 25 किलोमीटर लंबे इस गुरुग्राम-सोहना हाईवे के खुल जाने से यात्रियों को सुविधा होगी, उनके ईंधन और समय की बचत होगी।
श्री गडकरी ने बताया कि इस 25 किलोमीटर लंबे गुरुग्राम- सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग पर 7 किलोमीटर के कुल एलिवेटेड सेक्शन के साथ 6 लेन का एक्सेस कंट्रोल कॉरिडोर विकसित किया गया है। स्थानीय यातायात को सुगम बनाने के लिए राजमार्ग के दोनों ओर तीन तीन लेन की सर्विस रोड बनाई गई हैं। इसके साथ ही राजमार्ग का यह भाग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के माध्यम से दिल्ली और गुड़गांव को भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
दो भागों में विभाजित था राजमार्ग का निर्माणकार्य:
प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए प्रोजेक्ट को दो भागों में विभाजित किया गया था। प्रोजेक्ट वन के तहत एक जनवरी 2019 को राजीव चौक से शुरू होकर बादशाहपुर के बीच करीब 8.94 किलोमीटर के इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। तीन एलिवेटेड स्ट्रक्चर तैयार किए गए, जिनकी कुल लंबाई 4.752 किलोमीटर निर्धारित की गई। इस पूरी परियोजना के साथ साथ यह एलिवेटेड स्ट्रक्चर गुरुग्राम जिला में सबसे लम्बा एलिवेटेड रोड होगा। इसके साथ ही प्रोजेक्ट-1 के तहत ही बादशाहपुर में भी 324 मीटर लंबाई का तीसरा एलिवेटेड स्ट्रक्चर तैयार किया गया है।
वहीं 30 जनवरी 2019 को प्रोजेक्ट दो के तहत भोंडसी से शुरू होकर सोहना तक के भाग का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। इस प्रोजेक्ट के 12.718 किलोमीटर के पूरे हिस्से में 1.846 व 1.12 किलोमीटर के दो एलिवेटेड रोड, 1 किलोमीटर की लंबाई के साथ एक फ्लाईओवर सहित दो अंडरपास का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए एक 750 मीटर का लाइट व्हीकल अंडरपास भी बनाया गया है।
इस पूरी परियोजना का निर्माण कार्य 30 महीने में पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था। लेकिन कोरोना के दौरान निर्माण कार्य में आई रुकावटों के कारण इसकी समय सीमा 30 जून 2022 तक बढ़ा दी गयी थी।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रोजेक्ट-2 के तहत आने वाले निर्माण क्षेत्र में 24 लेन के टोल प्लाजा का भी निर्माण किया गया है। टोल प्लाजा में दोनों तरफ 12-12 लेन बनाई गई हैं ताकि टोल प्लाजा पर कम से कम समय मे वाहनों की आवाजाही हो सके।
परियोजना के पूर्ण होने से पहले की तुलना में यात्रा का समय 60 मिनट से घटकर अब 15 से 20 मिनट का ही रह जाएगा।