(MOREPIC1)(MOREPIC2)बरनाला (अखिलेश बंसल)
जिला के गांव गुमटी के रहने वाले और अपने ही गांव के सरकारी माध्यमिक स्कूल में पढ़ाई कर रहे मनप्रीत सिंह ने आठवीं की पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा में 600 में से 600 (100 प्रतिशत) अंक हासिल कर पंजाब भर में पहला स्थान हासिल किया है। जिले के मनप्रीत सिंह की इस उपलब्धि को लेकर जहां मनप्रीत के घर और स्कूल में परिजनों व अध्यापकों को बधाई देने वालों का तांता लगा है, वहीं ट्राईडेंट समूह चेयरमैन पद्मश्री रजिन्दर गुप्ता ने मनप्रीत के लिए एक लाख रुपए इनामी राशि और भविष्य में पूरी पढ़ाई का खर्चा उठाने का ऐलान किया है।
8 साल पहले पिता का उठ गया था सिर से साया:
मनप्रीत की माता किरनजीत ने बताया कि उसको अपने बेटे मनप्रीत सिंह के पंजाब भर में टॉपर आने की बेहद ख़ुशी है। हालांकि मनप्रीत के पिता स. जगमोहन सिंह की 2014 में मौत हो गई थी। उनका परिवार छोटे कृषि परिवार से सम्बन्ध रखता है, वह ख़ुद कपड़े सिलाई का काम करती है। परिवार में मनप्रीत का एक बड़ा भाई अरशदीप सिंह है, जो कृषि से जुड़ा है। मनप्रीत के पिता की इच्छा थी कि वह अपने दो पुत्रों में से कम से कम एक को तो सरकारी अफसर बनाएगा ही। आज लगने लगा है कि मनप्रीत और अरशदीप दोनों अपने पिता का सपना जरूर साकार करेंगे।
आईएएस बनना चाहता है मनप्रीत:
मनप्रीत कहा कि स्कूल इंचार्ज दर्शन सिंह से लेकर हर विषय के अध्यापक साहिबान के अलावा सहपाठियों से भी उसको पूरा सहयोग मिलता रहा है। उसने बताया कि वह आईएएस बनना चाहता है। यदि उसका सपना साकार हुआ और जहां भी सेवा करने का अवसर मिला तो राष्ट्र सेवा में किसी किस्म की कमी नहीं छोड़ेगा।
बधाई देने वालों का लगा तांता:
डिप्टी कमिश्नर हरीश नैयर का कहना है कि जिला बरनाला के सरकारी स्कूलों के जो बेहतरीन परिणाम आने लगे हैं वह सरकारी स्कूलों के बदल रहे वातावरण, वहां के अध्यापकों व बच्चों के परिजनों की मेहनत तथा विद्यार्थियों की पढ़ाई में लग्न होने का ही नतीजा है। जिला शिक्षा अधिकारी सरबजीत सिंह तूर ने विद्यार्थी मनप्रीत सिंह, उसके परिवार और उसके स्कूल के अध्यापकों को बधाई देते कहा कि मनप्रीत ने जो जिला का नाम रौशन किया है वह जिला ही नहीं प्रदेशभर के लिए आइडियल विद्यार्थी सिद्ध होगा।
ट्राइडेंट करेगा मनप्रीत का सपना साकार: पद्मश्री रजिन्दर गुप्ता:
राज्यभर में आठवीं जमात की परीक्षा में अव्वल रहे जिला बरनाला के गांव गुमटी के गरीब किसान परिवार के होनहार बेटे मनप्रीत सिंह का हाथ ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन पद्मश्री राजिन्दर गुप्ता ने पकड़ लिया है। उन्होंने मनप्रीत की उपलब्धि पर उसे एक लाख रुपए की इनामी राशि भेजी है वहीं उन्होंने ऐलान किया है कि भविष्य में मनप्रीत की पूरी पढ़ाई का जिम्मा ट्राइडेंट उद्योग समूह उठाएगा।(SUBHEAD)
पदमश्री गुप्ता का कहना है कि पिता का करीब आठ साल पहले देहांत होने के बावजूद मनप्रीत ने अपनी माता किरनजीत कौर द्वारा किए जा रहे पालन पोषण की लाज रखते हुए आठवीं की परीक्षा में टॉपर आकर जिला का नाम रौशन किया है। हमारा भी फऱ्ज बनता है कि हम ऐसे होनहार विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आऐं।
वर्णननीय है कि ट्राइडेंट समूह के संस्थापक पद्मश्री राजिन्दर गुप्ता की तरफ से शहर की धार्मिक और सामाजिक संस्थायों को समय समय पर आर्थिक मदद दी जाती रहती है, कोरोना काल में उन्होंने प्रदेशभर के जिला सेहत केंद्रों पर ऑक्सीजन कंस्टरेटर भेज ऑक्सीजन की कमी को पूरा किया। इस बात का जिक्र ट्राइडेंट ग्रुप के एडमिन हैड रुपिंदर गुप्ता, शिव सेवा संघ के प्रधान पवन सिंगला और अक्षर सिंह चौहान ने मनप्रीत सिंह के परिजनों के समक्ष किया, बधाई दी और मनप्रीत को सम्मानित किया।