जीरकपुर, कृतिका:
एकता विहार बलटाना के लोगों ने जीरकपुर नगर काउंसिल के अधिकारियों पर कॉलोनियों में अवैध निर्माण करवाने के संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले में संदीप बावा, प्रकाश चंद व उनके साथियों ने आरोप लगाया कि उनकी कॉलोनी में 250-250 गज के प्लॉट की लाइन है लेकिन प्लाट नंबर 158 और 159 के मालिकों द्वारा दो घर बनाने की जगह तीन छोटे-छोटे घर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करने के साथ उनकी कॉलोनी की सुंदरता खराब हो जाएगी और पार्किंग इत्यादि में भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि 250 गज के दो प्लॉट में तीन रजिस्ट्रियां तहसीलदार की मिलीभुगत के साथ करवा ली गई हैं। उस उपरांत नगर काउंसिल जीरकपुर के अधिकारियों के साथ मिलकर तीन नक्शे पास करवा लिए गए हैं जबकि नगर काउंसिल जीरकपुर की ओर से पास किए गए प्रस्ताव अनुसार बड़े प्लॉटों को छोटे प्लॉट में तबदील नहीं किया जा सकता। लेकिन फिर भी अधिकारियों की मिलीभुगत के साथ यह हेराफेरी की जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा कई बार इस संबंधी नगर काउंसिल जीरकपुर के ईओ गिरीश वर्मा को शिकायत की गई थी लेकिन उनके द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिस संबंधी कॉलोनी निवासियों ने एक शिकायत एडीसी मोहाली को भी दी थी जिस पर कार्यवाही करते हुए एडीसी मोहाली ने निर्माण पर रोक लगा दी थी लेकिन अब एडीसी मोहाली द्वारा एक नया पत्र जारी करके उस रोक को हटा लिया गया है तथा जीरकपुर नगर कौंसिल के कार्यकारी अधिकारी को कानून के मुताबिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं जिसका सीधा सीधा मतलब यही है कि यह निर्माण कानून के मुताबिक नहीं हो रहा है और 2 प्लाटों के तीन प्लाट नहीं बनाये जा सकते।
एकता विहार कॉलोनी में जो नक्शे नगर काउंसिल ने पास किए गए हैं वह सरकार की हिदायतोंं अनुसार ही पास किए गए हैं। इसके संबंधी अगर और जानकारी चाहिए तो आप लखबीर सिंह से बात कर सकते हैं।
– रवनीत सिंह कार्यकारी अधिकारी नगर काउंसिल जीरकपुर।
एकता विहार कॉलोनी में निर्माण कार्य चल रहा था जिसको रुकवा दिया गया है। कल दोबारा फिर वहां जाकर काम को चेक किया जाएगा।
– लखबीर सिंह बिल्डिंग इंस्पेक्टर नगर काउंसिल जीरकपुर।
गिरीश वर्मा ने हमारे नक्शे पास किए और एडीसी मोहाली ने नगर कौंसिल जीरकपुर से रिपोर्ट तलब की थी उसके बाद ई ओ रवनीत सिंह ने रिपोर्ट बनाकर भेजी और हम नक्ंशो के हिसाब से काम कर रहे हैं
-मोहन मित्तल