Wednesday, 03 June 2026
Breaking News
पासपोर्ट कार्यालय के कर्मचारियों ने सेवा केंद्र में लगाईं मीठे पानी की छबील पत्रकार नव ठाकुरीया को देवर्षि नारद जयंती सम्मान मुर्दा बोले कफ़न फाड़े अहिंसा शिक्षा रत्न अवॉर्ड 2026 में ट्राइसिटी के लगभग 130 मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान बशीर बद्र की ग़ज़लों की हिंदी में पहली किताब अबोहर में हुई थी प्रकाशित स्वर सप्तक कल्चरल सोसाइटी ने आयोजित की रवींद्र-नज़रूल संध्या कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी, हरियाणा ने पहली 'श्री माता मनसा देवी ट्रॉफी' अंडर-14 संयुक्त (लड़के/लड़कियां) क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीता अलविदा बशीर बद्र उत्तराखंड और पूर्वाेत्तर राज्यों में बादल फटने की घटनाएं बढ़ने की संभावनाः मुख्यमंत्री श्री अमृतेश्वर महादेव मंदिर स्थापना दिवस की धूम : गायक बी प्राक की भजन संध्या में उमड़ा जनसैलाब
खेल Trending

‘हरियाणा खेल अकादमी’ बनाने का एलान

Read in:Hindi

चंडीगढ़, फेस2न्यूज:
पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा खेल अकादमी बनाने की घोषणा की। जिसमें देशभर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए पंचकूला में एक होस्टल खोला जाएगा, जिसमें 200 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके जरिए खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के साथ ही उन्हें खेल में पारंगत करेंगे। मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में हरियाणा के मेडल विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली ईनाम राशि को भी डबल करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपए, सिल्वर मेडल विजेता को 60 हजार रुपए और ब्रोंज मेडल लाने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपए मिलेंगे। केवल यही नहीं उन्होंने खेलों में हिस्सा लेने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन के रूप में 5 हजार रुपए देने की घोषणा की।
खेलो इंडिया में हरियाणा के खिलाड़ियों का धाकड़ प्रदर्शन
श्री मनोहर लाल ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं का हरियाणा में आयोजन अत्यंत महत्व रखता है क्योंकि इस समय खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की एक अलग पहचान है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई कि हम सब मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में सफल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के परिणाम से स्पष्ट है कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। इसलिए हमने राज्य में कुछ विशेष खेल केन्द्रों को विकसित करने की अपेक्षा गांव-गांव खेल को बढ़ावा देने का काम किया है। हम आगे भी हर खिलाड़ी को सब खेल सुविधाएं प्रदान करेंगे और हरियाणा को खेलों की नर्सरी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैने गत 4 जून को इन खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कहा था कि जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे। मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ियों ने मेरी इस बात को अक्षरशः साबित कर दिखाया।’
खेलो इंडिया से खिलाड़ियों की उम्मीदों को लगेंगे नए पंख
मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की और कहा कि आपने इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कामना की कि जीत के इस सिलसिले को कायम रखते हुए आप अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर भी देश के गौरव को बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी अनेक यादें साथ लेकर यहां से जाएंगे और खेलों की नर्सरी बन चुके हरियाणा की मिट्टी से एक ऐसा अनुभव भी लेकर जाएंगे, जो भविष्य में आपको बुलंदियों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा। श्री मनोहर लाल ने उम्मीद जताई कि ये खेलो इंडिया प्रतियोगिताएं नवोदित खिलाड़ियों की उम्मीदों को नए पंख लगाने का काम करेंगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलो इंडिया केवल एक शुरुआत है। आपको इससे बहुत आगे जाना है। खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि आपके दैनिक जीवन में शामिल होने चाहिए, चाहे वे स्थानीय खेल ही क्यों न हों।
प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर पर खेलों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया है। प्रदेश में साल भर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए खेल कैलेंडर भी तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में खेल संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। इससे राज्य के लगभग 25000 नवोदित खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बचपन से ही तराशने की नीति पर काम कर रही है। हम खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत-संकल्प हैं।