Monday, 10 August 2026
Breaking News
TEEJ MELA: SWINGS, GIDDHA-BHANGRA, KIKLI, PUNJABI DELICACIES SET THE MOOD भगवंत मान को सपने में भी दिखाई देता है हरियाणा का मुख्यमंत्री- नायब सिंह सैनी DESIGNATED “HINDU PRAYER ROOM” SOUGHT IN TAXPAYER-FUNDED NZ UNIVERSITIES OF AUCKLAND & WAIKATO CENTRAL SANSKRIT UNIVERSITY HOSTS NATIONAL SEMINAR, BOOK RELEASE AND SPECIAL FELICITATION 3,000 RUNNERS REACH THE FINISH POINT AFTER TRAVERSING THE ARAVALLI HILLS SPORTS SHOULD ALSO BE AN IMPORTANT PART OF STUDENT'S LIFE: NIHAL CHAND TWO EXTORTIONISTS HELD AFTER BRIEF EXCHANGE OF FIRE IN FEROZEPUR PUNJAB GOVT STABS MEDICAL STUDENTS IN THE BACK WHILE TABLING BILL TO REGULATE FEE STRUCTURE IN PRIVATE UNAIDED SCHOOLS GAU KATHA AND GAU MATA SEVA IS A TESTIMONY TO INDIA’S GREAT SPIRITUAL AND SANATAN TRADITION: CM NAYAB SINGH SAINI CENTRAL BANK OF INDIA ORGANISES TREE PLANTATION DRIVE ON 145TH FOUNDER’S DAY
Chandigarh Trending

भगवंत मान को सपने में भी दिखाई देता है हरियाणा का मुख्यमंत्री- नायब सिंह सैनी

पंजाब की जनता से किए वादे पूरे करने के बजाय हरियाणा की चिंता कर रहे हैं मान: मुख्यमंत्री, पेपर लीक गैंग का दावा है तो पंजाब सरकार अपनी पुलिस से कार्रवाई क्यों नहीं करवाती?. भाजपा का गठबंधन पंजाब के लोगों से है – नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज़ कसते हुए कहा कि पंजाब की जनता से किए वादे पूरे करने में नाकाम रहे पंजाब के मुख्यमंत्री अब हरियाणा की चिंता कर रहे हैं। अब तो भगवंत मान को सपने में भी हरियाणा का मुख्यमंत्री दिखाई देता है। पंजाब के मुख्यमंत्री को पहले पंजाब की जनता से किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए और बताना चाहिए कि उनमें से कितने वादे पूरे किए गए हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी सोमवार को हरियाणा निवास चंडीगढ़ में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सत्ता में आने से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज पंजाब के लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक आने पर जनता को फिर से गुमराह करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा बड़े बड़े मंचों से अब पेंशन के एक-दो महीने के पैसे डालने की बातें की जा रही हैं। यदि महिलाओं को लाभ देना ही था तो पहले साल से ही क्यों नहीं दिया गया?

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं से किया अपना वादा पूरा करते हुए पहले ही बजट में महिलाओं को 2100 रुपये देने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में महिलाओं के साथ जो अन्याय हुआ है, उसकी भरपाई केवल चुनाव के समय कुछ घोषणाएं करके नहीं की जा सकती।

मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी के ‘कट्टर ईमानदार’ होने के दावे पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी खुद को कट्टर ईमानदार कहती थी, लेकिन आज पंजाब की हालत देखकर समझ नहीं आता कि आखिर यह कैसी ईमानदारी है। पहले कांग्रेस ने पंजाब की जनता का शोषण किया और अब आम आदमी पार्टी ने उससे भी आगे बढ़कर शोषण किया है।

पेपर लीक का दावा है तो पंजाब सरकार अपनी पुलिस से कार्रवाई क्यों नहीं करवाती?

पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा हरियाणा में कथित पेपर लीक गैंग को लेकर दिए गए बयान पर श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यदि उन्हें लगता है कि भिवानी में कोई पेपर लीक गैंग चल रहा है, तो पंजाब सरकार अपनी पुलिस से कार्रवाई क्यों नहीं करवाती। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों के आरोप लगाना और राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि भिवानी छोटी काशी के रूप में प्रसिद्ध है। इसी भिवानी से हरियाणा के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और प्रदेश सरकार की खेल नीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भिवानी अरविंद केजरीवाल का भी जिला है, इसलिए इस तथ्य पर भी विचार किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके नेताओं को झूठ बोलने की आदत हो गई है, लेकिन हरियाणा की जनता तथ्यों को अच्छी तरह समझती है।

भाजपा का गठबंधन पंजाब के लोगों से- नायब सिंह सैनी

पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन पंजाब के लोगों के साथ है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब समझ चुकी है कि प्रदेश का विकास और लोगों का कल्याण डबल इंजन की सरकार के माध्यम से ही संभव है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 140 करोड़ देशवासियों के दिल की आवाज़ हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रधानमंत्री से मिलना चाहता है तो वह उनसे मिल सकता है। प्रधानमंत्री से किसी की मुलाकात को राजनीतिक चश्मे से देखने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है और लोगों ने मन बना लिया है कि प्रदेश में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो विकास, रोजगार, सुरक्षा और जनकल्याण के लिए ठोस काम करे। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है और आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

किसी बहन का कोई लाभ नहीं कटेगा, सितंबर में भर सकेंगी फार्म

महिलाओं से जुड़ी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन महिलाओं के परिवारों की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये है, उन महिलाएं को भी अब सितंबर माह में फार्म भरने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी बहन को पहले से मिल रहा कोई लाभ नहीं कटेगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार महिलाओं के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजाब के लोगों ने उन्हें बताया है कि पंजाब में ‘मावां धियां’ योजना शुरू होने के बाद जिन बुजुर्गों को पहले 1500 रुपये पेंशन मिल रही थी, उसे बंद करके अब ‘मावां धियां’ योजना के तहत 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। इसके विपरीत, हरियाणा सरकार ने निर्धारित मापदंडों के आधार पर महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिया है। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा में किसी भी बहन का कोई लाभ नहीं रोका जाएगा। सुशासन और जनकल्याण हमारी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता है।

विपक्ष झूठ फैलाता है, नई पीढ़ी को कांग्रेस के शासन की हकीकत बताना जरूरी

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों के बातें करता है और लगातार झूठ फैलाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को कांग्रेस के शासनकाल की वास्तविक स्थिति के बारे में बताना जरूरी है, क्योंकि उस दौर की परेशानियां हमारे बुजुर्गों ने झेली हैं।कांग्रेस के समय लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए कड़ाके की ठंड में कई-कई दिनों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने व्यवस्था की ऐसी स्थिति पैदा कर दी थी, जिसे आज की पीढ़ी ने देखा नहीं है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचाने का काम किया है।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका को याद करेगा हरियाणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आजादी का उत्सव मनाते हैं, उसके लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी और विभाजन की त्रासदी में असहनीय पीड़ा झेली।14 अगस्त की वह काली रात थी, जब लाखों महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और बेटियों को भयंकर पीड़ा का सामना करना पड़ा। अनेक लोगों ने अपना घर, कारोबार और परिवार तक खो दिया। उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी लोगों को याद करने का दिन है, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपना सब कुछ खो दिया।इसी उद्देश्य से हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियों को विभाजन की त्रासदी और उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा के बारे में जानकारी मिल सके।

हर घर तिरंगा’ अभियान बन रहा जन-आंदोलन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकालने तथा प्रत्येक नागरिक से अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद यह अभियान अब जन-आंदोलन का रूप ले रहा है।  9 अगस्त से नारनौल में तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई है और पूरे प्रदेश में लाखों युवा ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। यह किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश का अभियान है। हम सभी को मिलकर इसे आगे बढ़ाना चाहिए। देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए यह तिरंगा यात्रा पूरे प्रदेश में निकाली जाएगी।

हरियाणा की खेल नीति का परिणाम, देश-दुनिया में नाम रोशन कर रहे खिलाड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की खेल नीति और हरियाणा सरकार की खेल नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। आज हरियाणा के खिलाड़ी देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।  यह हमारे खिलाड़ियों की मेहनत, उनके परिवारों के सहयोग और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का परिणाम है। प्रदेश में करीब 2 हजार खेल नर्सरियां हैं और खेलों के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।कांग्रेस के शासनकाल में खेलों को लेकर केवल घोषणाएं की जाती थीं, जबकि भाजपा सरकार ने खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए धरातल पर काम किया है।

बिजली कर्मचारियों से बातचीत जारी

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की बिजली कर्मचारियों के साथ बातचीत चल रही है। सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।