डेराबस्सी, कृतिका:
बीती रात चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर डेराबस्सी के पास दो ट्रक आमने-सामने टकरा गए। हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया। जहां मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस जाम में फंस गई। जाम हटता न देख सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने बीच सड़क का डिवाइडर तोड़कर एंबुलेंस के लिए रास्ता बनाया।
जानकारी अनुसार डेराबस्सी से जीरकपुर तक सड़क पर बने फ्लाईओवर पर सड़क बनाने का काम किया जा रहा है जिस कारण एक तरफ ट्रैफिक को बंद किया हुआ है। एक तरफ से दूसरी तरफ जाने वाले वाहनों को सिंगल लाइन में डायवर्ट किया जा रहा है, इससे सिंगल रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसा ही बीती रात हुआ, जब अंबाला से जीरकपुर जा रहा एक ट्रक विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया। दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण चंडीगढ़ जाने वाला मार्ग जाम हो गया। इसी बीच एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। जाम खुलने का कुछ देर इंतजार करने के बाद मौके पर सड़क निर्माण कर रहे कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से बीच सड़क के डिवाइडर को तोड़कर एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला। उसके बाद उसी सड़क से अन्य वाहन निकले और लोगों ने राहत की सांस ली।
पंजाब
Trending
दो ट्रकों की टक्कर के बाद सड़क पर लगा जाम
Read in:Hindi