नई दिल्ली, फेस2न्यूज:
उत्तरी रेंज-I/अपराध शाखा टीम द्वारा मोहम्मद शफीक, उम्र 44 वर्ष, निवासी सेक्टर-6, नरेला, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया था, जिसने चांदनी चौक, दिल्ली के एक ड्राई फ्रूट व्यापारी से लूट सह हत्या का प्रयास किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ प्राथमिकी संख्या 429/2023, धारा 392/394/397/307/34 आईपीसी, थाना रूप नगर, दिल्ली को सुलझा लिया गया। उसके कब्जे से 05 कारतूस के साथ 02 पिस्तौल बरामद किए गए थे। बाद में सह आरोपी अमन को भी अपराध शाखा की टीम द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया था।
दिल्ली अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त अनुसार एक अन्य सह-आरोपी शूटर रितिक, उम्र 21 वर्ष, निवासी नरेला, दिल्ली को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना:
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह रात करीब 08:15 बजे चांदनी चौक में अपनी ड्राई फ्रूट्स की दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। अपने घर से लगभग 40-50 मीटर की दूरी पर उसने अपनी कार पार्क कर दी और कार से अपना बैग निकालने लगा तभी एक हमलावर ने पीछे से उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसका बैग छीनने की कोशिश की। इसी दौरान दूसरे हमलावर ने भी शिकायतकर्ता पर गोली चला दी। आरोपी, बैग (जिसमे दुकान की चाबी और कुछ कागजात थे) छीनकर अन्य आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गए। इस सन्दर्भ में प्राथमिकी संख्या 429/2023, धारा 392/394/397/307/34 भारतीय दण्ड संहिता, थाना रूप नगर, दिल्ली दर्ज की गयी थी।
सहायक उप-निरीक्षक रमेश कुमार को गुप्त सूचना मिली कि थाना रूप नगर, दिल्ली के लूट सह हत्या के प्रयास मामले में वांछित आरोपी रितिक किसी से मिलने के लिए रामदेव रोड, सेक्टर 6, नरेला, दिल्ली के पास आएगा। अगर समय पर कार्यवाही की जाए तो उसे वहाँ से पकड़ा जा सकता है।
उपायुक्त संजय भाटिया द्वारा सहायक आयुक्त विवेक त्यागी की देख रेख में व निरीक्षक आलोक कुमार राजन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। जिसमे उप-निरीक्षक नरेंद्र सिंह, सहायक उप-निरीक्षक संदीप, सहायक उप-निरीक्षक वीरेंद्र, सहायक उप-निरीक्षक रमेश, सहायक उप-निरीक्षक योगेश, प्रधान सिपाही दिनेश व प्रधान सिपाही संजीव शामिल थे।
मिली सूचना अनुसार टीम द्वारा रामदेव रोड, सेक्टर 6, नरेला, दिल्ली के इलाके पर जाल बिछाया और शूटर रितिक, उम्र 21 वर्ष को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने थाना रूप नगर, दिल्ली मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पूछताछ के दौरान, आरोपी रितिक ने खुलासा किया कि आरोपी अमन और मोहम्मद शफीक ने उसे लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए ₹ 02 लाख में हिस्सा देने का लालच दिया जिससे वह भी लूट में शामिल हो गया। उन्होंने चांदनी चौक, दिल्ली के ड्राई फ्रूट्स व्यापारी को लूटने की योजना बनाई जो हर शाम काले रंग का बैग लेकर घर जाता था। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी मोहम्मद शफीक ने हथियारों का (एक चाकू और एक पिस्तौल) प्रबंध किया और अपराध करने से पहले, उन्होंने पूरे मार्ग की रेकी भी की। दिनांक 30.11.2023 की रात, जब दुकान के मालिक घर लौट रहा था, आरोपियों ने उसका पीछा किया व लूट के दौरान आरोपी रितिक ने दुकान मालिक पर गोली चलाई और बैग छीनने में कामयाब रहा। शिकायतकर्ता गोली लगने से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया।
बरामदगी:
आरोपी मोहम्मद शफीक के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल की गई निम्नलिखित वस्तुएं पहले ही बरामद की जा चुकी हैं –
1. 02 पिस्तौल के साथ 05 जिंदा कारतूस
2. 01 रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल
आरोपी रितिक, उम्र 21 वर्षीय, निवासी ग्राम गन्नौर, थाना/जिला सोनीपत, हरियाणा वर्तमान में दिल्ली के नरेला इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। उसने केवल 10वीं कक्षा तक पढ़ाई की है। पहले वह मजदूरी करता था व आर्थिक तंगी के चलते इलाके के बुरे तत्वों के संपर्क में आया और थाना रूप नगर, दिल्ली के लूट सह हत्या के प्रयास मामले में संलिप्त हो गया।
राष्ट्रीय
Trending
सनसनीखेज सशस्त्र लूट-हत्या के प्रयास मामले में वांछित शूटर गिरफ्तार
Read in:Hindi