मनमोहन सिंह
देखो जी लोग कहते हैं कि आजकल भाई भाई में प्यार नहीं रहा। दुनियां बदल गई। पर जब छोटा भाई दूर दराज के राज्य से आ कर बड़े भाई के गले मिलता है तो जो आनंद आता है उसका जवाब नहीं। अभी कल ही छोटा गुजराती भाई आ कर पंजाब के “मोटा भाई” से मिला और गदगद हो गया।
असल में गुजराती में “मोटा भाई” का मतलब होता है बड़ा भाई। मिलते ही उनके आपसी गिले शिकवे दूर हो गए। मोटा भाई ने शिकायत की कि छोटा भाई ने उसे आतंकवादी, खालिस्तानी, कहा था। छोटा भाई बोला यार गुस्से में कह दिया होगा, गुस्से में मुंह से निकल जाता है। पर अब हम दोने भाई मिल कर पंजाब का पूरा कल्याण कर देंगे।
छोटा भाई ने यह भी साफ किया कि वो मोटा भाई को तभी आतंकी और खालिस्तानी कहता है जब मोटा भाई उसे छोड़ किसी दूसरे के गले लगता है। छोटा भाई ने तीन कृषि कानून भी तभी बनाए थे जब देश का कृषि मंत्रालय मोटा भाई की पुत्रवधु के हाथ था। अब बहु थी तो कुछ बोली नहीं फिर पता चला कि सात आठ सौ किसान दिल्ली की सीमा पर मारे गए या मर गए और मोटे भाई का अपने ही राज्य में घुसना मुश्किल हो गया तो मोटा भाई ने छोटा भाई का साथ छोड़ दिया।
अब फिर से मोटा भाई को छोटा भाई की और छोटा भाई को मोटा भाई की ज़रूरत आन पड़ी। पंजाब में चुनाव आ गए। समस्या यह है कि राज्य में मोटा और छोटा दोनों की हालत पतली है। लोग मारने को दौड़ते हैं। तो इस मुश्किल घड़ी में दोनों भाइयों का प्यार उमड़ा और सब भूल कर मोटा भाई ने छोटा भाई को गले लगा लिया।
वैसे इस छोटे भाई का इतिहास यह कि यह जिस राज्य में भी गया वहां छोटा भाई बन कर ही गया। हालांकि बाद में वहां छोटा भाई ही रह गया और मोटा भाई खत्म हो गया। अब देखते हैं कि पंजाब में बेचारा मोटा भाई छोटा भाई को सर पे बिठा कर कब तक ज़िंदा रह पता है।