Monday, 02 November 2026
Breaking News
डिवाइन कराओके सिंगिंग ग्रुप ने "गीत मेरे मन के" कार्यक्रम में समां बांधा फिल्म 'पीड़ (दर्द-ए-दिल)' संवेदनहीनता पर आधारित दिल दहला देने वाली कहानी, की स्क्रीनिंग में पहुंचे कई दिग्गज आईटीबीपी की परिवहन वाहिनी के सतर्कता जागरूकता सप्ताह में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित शारदा सर्वहितकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर रन फॉर यूनिटी आयोजित सीबीएम ने प्रशासक के समक्ष व्यापारियों के प्रमुख मुद्दे उठाए पीजीआईएमईआर में आठ घंटे में ब्लैडर कैंसर की तीन जटिल सर्जरी हसीना के फरार करीबी हनीफ को मौत की सजा मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया इतिहास से लेकर सीमा तक: एनसीसी कैडेटों ने सीखे साहस, बलिदान और नेतृत्व के पाठ
संपादकीय लेख Trending

खामोशी और मौन: अंतर्मन की दो अलग अवस्थाएं

-रोशन लाल ‘रौशन’

​जिंदगी के सफर में अक्सर हम दो ऐसे पड़ावों से गुजरते हैं जहाँ जुबान पर ताला होता है, मगर उनका गहराई से अहसास करें तो दोनों की जमीन बिल्कुल अलग होती है। एक तरफ जहाँ ‘खामोशी’ बाहरी परिस्थितियों और विवशता का परिणाम है, वहीं दूसरी तरफ ‘मौन’ चेतना और आंतरिक शांति का सधा हुआ निर्णय है।
​दर्द की हद से गुजर कर जो जुबां खामोश है,
सोचिए ‘रोशन’ यहाँ किस बात पर आगोश है।
​खामोशी एक प्रकार की मजबूरी या प्रतिक्रिया है। यह अक्सर गुस्से, नाराजगी, डर, उदासी या शब्दों के अभाव से जन्म लेती है। खामोशी के वक्त हमारे होंठ भले ही बंद हों, लेकिन भीतर विचारों और शिकायतों का भारी तूफान चल रहा होता है। यह मन की उलझनों का बोझ है जो दिलों के बीच दूरियाँ बढ़ा देता है। जैसे किसी तीखे विवाद के बाद कमरे में छा जाने वाली चुप्पी खामोशी कहलाती है, जिसमें संवाद रुक जाता है पर तल्खी बरकरार रहती है।

​इसके विपरीत, मौन कोई लाचारी नहीं बल्कि एक गहरी साधना है। यह होशपूर्वक लिया गया वह निर्णय है जहाँ हम अपनी इच्छा से शब्दों को विराम देते हैं ताकि अंतरात्मा की आवाज को सुना जा सके। मौन में केवल बाहरी शोर ही नहीं थमता, बल्कि भीतर का कोलाहल भी शांत हो जाता है। यह व्यक्ति को हल्का और ऊर्जावान बनाता है। जैसे किसी संत-ऋषि का ध्यानस्थ होना या किसी प्रिय की बात को पूरी तन्मयता से सुनने के लिए खुद को शांत कर लेना।
​सीधे शब्दों में कहें तो खामोशी वह स्थिति है जहाँ आप बोलना चाहते हैं पर हालात या बेबसी की वजह से बोल नहीं पाते। इसके उलट, मौन वह अवस्था है जहाँ आप बोल सकते हैं, आपके पास शब्द भी हैं, पर आप अपनी मर्जी से बोलना नहीं चाहते। खामोशी हमें शब्दों से बचाती है, जबकि मौन हमें शब्दों की गहराई और अर्थ समझा देता है। खामोशी में इंसान अपने ही अंदर घुमड़ रहे विचारों को सुनता है और उसमें उलझा रहता है ज​बकि मौन में अस्तित्व की सुनता है। इसीलिए कहा भी गया है कि खामोशी ओढ़नी पड़ती है, पर मौन साधना पड़ता है।
​शोर से बचकर जो पाया है सुकून-ए-दिल कहीं,
उस मुकम्मल मौन में ‘रोशन’ बसा संसार है।

0 Comments