Sunday, 09 August 2026
Breaking News
हसीना की प्रेस मीटिंग से कुछ खास नहीं निकला सिवाय बांग्लादेश लौटने की पुष्टि मनीमाजरा की बदहाल व्यवस्था को लेकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासक से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल:राजबीर सिंह भारतीय हम तो बादशाह के नौकर हैं बैंगनों के नहीं Hindi news चण्डीगढ़ के वेंडर्स का मुद्दा रालोद संसद में उठाएगी : त्रिलोक त्यागी विशेष बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए सेक्टर-10 स्केटिंग रिंक में 'फैमिली फोरम प्रोग्राम' आयोजित हरियाली तीज महोत्सव में झूमीं महिलाएं *प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय  का देशभर में "नशामुक्त संकल्प महाअभियान" शुरु* श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट 7 से 9 अगस्त तक इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में करवाएगा होगा भव्य दिव्य गीता सत्संग 23 अगस्त से जंतर-मंतर पर आमरण अनशन करेंगे प्रताप सिंह राणा ‘अनशन बाबा’
चंडीगढ़ Trending

मनीमाजरा की बदहाल व्यवस्था को लेकर समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासक से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल:राजबीर सिंह भारतीय

गंदा पानी, टूटी सड़कें, चरमराई सफाई, जर्जर सीवरेज और लंबित एनओसी फाइलें बनीं बड़ी समस्या,लड़कियों के लिए कॉलेज, बच्चों के लिए खेल मैदान और स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने की मांग, नशे के खिलाफ अभियान का प्रस्ताव पारित, मनीमाजरा की बदहाली पर अब चुप नहीं बैठेगी एसोसिएशन, गंदा पानी, टूटी सड़कें, जर्जर सीवरेज और अटकी एनओसी फाइलों के समाधान के लिए उठाए जाएंगे ठोस कदम

फेस2न्यूज/ मनीमाजरा

समाधि गेट स्थित स्काई लाईट होटल में ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-13 चंडीगढ़ की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शमीम अहमद (भारत टेलर) ने की। बैठक में मनीमाजरा की मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और इनके समाधान के लिए प्रशासन एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने का निर्णय लिया गया।

बैठक में एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक राजबीर सिंह भारतीय, चेयरमैन सुभाष धीमान, उपाध्यक्ष शमीम अहमद, सचिव मोहम्मद आरिफ हुसैन, सचिव सतनाम बैंस उर्फ टीटू, लीगल एडवाइजर एडवोकेट अरुण वशिष्ठ, सलाहकार जोगेंद्र ठाकुर, सह-सचिव सैंकी, शहजाद आलम, झूलेलाल, रमेश चंद सिरसवाल, गुरबच्चन लाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

कुछ पदाधिकारियों ने बैठक से पूर्व ही संदेश देकर सूचित किया कि निजी आवश्यक कार्यों के कारण वे बैठक में उपस्थित नहीं हो पाएंगे, लेकिन उन्होंने एसोसिएशन द्वारा लिए जाने वाले निर्णयों के प्रति अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की।

संगठन का किया विस्तार, झूलेलाल उपाध्यक्ष और रमेश चंद सिरसवाल सचिव नियुक्त:

बैठक के दौरान ऑल मनीमाजरा रेजिडेंट्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। एसोसिएशन के कार्यों को और मजबूत एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से झूलेलाल को उपाध्यक्ष तथा रमेश चंद सिरसवाल को सचिव नियुक्त किया गया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष एवं संस्थापक राजबीर सिंह भारतीय ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में नई जिम्मेदारियां मिलने से जनहित एवं सामाजिक कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी मनीमाजरा के निवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएं तथा समाजहित में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

“मनीमाजरा को सिर्फ नाम का विकास नहीं, धरातल पर सुविधाएं चाहिए” : राजबीर सिंह भारतीय

एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि मनीमाजरा की जनता वर्षों से कई मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि गंदा एवं अनुपयुक्त पानी, टूटी आंतरिक सड़कें, खराब सफाई व्यवस्था, पार्कों की बदहाली और पुराना सीवरेज सिस्टम आम जनता के लिए गंभीर परेशानी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मनीमाजरा की टूटी हुई आंतरिक सड़कों का सर्वे करवाकर उनका चरणबद्ध तरीके से निर्माण किया जाना चाहिए। सफाई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से सुधारा जाए और पार्कों की नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

बेटियों की उच्च शिक्षा के लिए मनीमाजरा में कॉलेज जरूरी:

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि मनीमाजरा में बच्चों और युवाओं के लिए पर्याप्त खेल सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। बच्चों के लिए बेहतर खेल मैदान विकसित करने के साथ-साथ विशेष रूप से लड़कियों के लिए कॉलेज की स्थापना की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि मनीमाजरा की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होना समय की जरूरत है।

स्कूल छुट्टी के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग : आरिफ हुसैन

बैठक में स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। सचिव मोहम्मद आरिफ हुसैन ने मांग की कि स्कूलों के मुख्य गेट और आसपास के क्षेत्र में छुट्टी के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और यातायात एवं असामाजिक गतिविधियों पर भी नियंत्रण रखा जा सके।

नशे के खिलाफ आर-पार की मुहिम का प्रस्ताव : शमीम अहमद

मनीमाजरा में नशे की समस्या को लेकर बैठक में गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उपाध्यक्ष शमीम अहमद ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संगठनों और आम जनता को मिलकर काम करना होगा।

बैठक में नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता एवं सामाजिक अभियान चलाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। एसोसिएशन द्वारा इस संबंध में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से भी मुलाकात की जाएगी।

पुराना सीवरेज सिस्टम बनेगा अधिकारियों के सामने प्रमुख मुद्दा : रमेश चंद सिरसवाल

नवनियुक्त सचिव रमेश चंद सिरसवाल ने मनीमाजरा के पुराने और जर्जर सीवरेज सिस्टम को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि पुरानी सीवरेज व्यवस्था को आधुनिक तरीके से दुरुस्त करने की आवश्यकता है, ताकि बार-बार होने वाली सीवरेज संबंधी समस्याओं से लोगों को स्थायी राहत मिल सके।

एनओसी की फाइलें मनीमाजरा सब-ऑफिस में क्यों अटकी हैं? : सुभाष धीमान एवं एडवोकेट अरुण वशिष्ठबैठक में एनओसी से संबंधित लंबित फाइलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। चेयरमैन सुभाष धीमान एवं लीगल एडवाइजर एडवोकेट अरुण वशिष्ठ ने कहा कि मनीमाजरा से संबंधित कई एनओसी फाइलें मनीमाजरा स्थित नगर निगम के सब-ऑफिस में लंबित पड़ी हैं, जिसके कारण आम लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

एसोसिएशन ने मांग की कि लंबित एनओसी फाइलों की समीक्षा कर समयबद्ध तरीके से उनका निपटारा किया जाए और लोगों को अनावश्यक परेशानी से राहत दी जाए।

प्रशासक और नगर निगम अधिकारियों से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

बैठक में सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रशासन, चंडीगढ़ के प्रशासक तथा नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेगा।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा मनीमाजरा के पानी, सड़क, सफाई, पार्क, खेल मैदान, लड़कियों के कॉलेज, स्कूलों की सुरक्षा, नशे की समस्या, सीवरेज सिस्टम और NOC की लंबित फाइलों सहित सभी प्रमुख मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।

राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि मनीमाजरा की जनता की आवाज को अब और अनदेखा नहीं किया जा सकता। एसोसिएशन हर नागरिक की समस्या को संबंधित विभाग तक पहुंचाने के साथ-साथ उसके समाधान तक लगातार प्रयास करेगी। हमारा लक्ष्य मनीमाजरा को बेहतर सड़क, स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित माहौल, गुणवत्तापूर्ण पानी, बेहतर शिक्षा, खेल सुविधाएं और सम्मानजनक नागरिक सुविधाएं दिलाना है।