राज सदोष अबोहर
अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में इफको के अध्यक्ष श्री दिलीप संघाणी को इंटरनेशनल कोआपरेटिव एलायंस के ग्लोबल बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में निदेशक के रूप में निर्वाचित किया गया है।
श्री संघाणी के विजेता घोषित होते ही पनामा में उपस्थित भारतीय सहकारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में उत्साह और गर्व की लहर दौड़ गई। सभी सदस्यों ने विदेशी धरती पर एक स्वर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरे सभागार को गुंजायमान कर दिया।
पनामा सिटी में आयोजित इंटरनेशनल कोआपरेटिव एलायंस की महासभा के दौरान हुए चुनाव में श्री संघाणी की जीत को भारत के विशाल सहकारिता आंदोलन के लिए गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है। यह उपलब्धि वैश्विक सहकारिता जगत में भारत की बढ़ती भूमिका, प्रभाव और नेतृत्व को और सशक्त करती है।
श्री संघाणी पिछले कई दशकों से सहकारिता क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और किसानों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा सहकारी संस्थाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं। वर्तमान में वे इफको अध्यक्ष ओर गुज्कोमासोल के अध्यक्ष हैं है और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।
इंटरनेशनल कोआपरेटिव एलायंस विश्व का प्रमुख वैश्विक सहकारी संगठन है, जो विभिन्न देशों और क्षेत्रों की सहकारी संस्थाओं का प्रतिनिधित्व करता है। एलायंस के ग्लोबल बोर्ड में भारत का प्रतिनिधित्व भारतीय सहकारिता आंदोलन की आवाज को अंतरराष्ट्रीय मंच पर और मजबूती प्रदान करेगा।
इफको अध्यक्ष श्री संघाणी की यह जीत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘सहकार से समृद्धि’ के विजन तथा भारत के सहकारिता आंदोलन की वैश्विक स्वीकार्यता को भी दर्शाती है। भारत आज सहकारिता के माध्यम से किसानों, ग्रामीण समुदायों और आम नागरिकों के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक नई मिसाल प्रस्तुत कर रहा है।
श्री संघाणी ने अपनी जीत के लिए इंटरनेशनल कोआपरेटिव एलायंस के सभी सदस्य देशों, प्रतिनिधियों और वैश्विक सहकारिता समुदाय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारत के सहकारिता आंदोलन की भावना, अनुभव और दृष्टिकोण को वैश्विक मंच पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने तथा विश्व भर में सहकारिता को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
राष्ट्रीय
Trending
इंटरनेशनल कोआपरेटिव एलायंस चुनाव में इफको अध्यक्ष दिलीप संघाणी ग्लोबल बोर्ड के निदेशक हुए निर्वाचित