Thursday, 24 September 2026
Breaking News
 "वंदे मातरम्" के 150 वर्ष, विद्या भारती के विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति के स्वरों से गूँज रहा विद्यालय परिसर  पावन दशलक्षण पर्व के अंतर्गत उत्तम त्याग लक्षण की श्रद्धापूर्वक आराधना की गई 7वां रमा अत्रे विमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट 29 सितंबर से चंडीगढ़ में उत्तम तप लक्षण पर श्रद्धा और संयम की आराधना सुनहरे गीत-सुनहरी यादें’ से सजी संगीत की यादगार शाम एसुस ने भारत में अपना पहला पेगासस हाइब्रिड स्टोर लॉन्च करके चंडीगढ़ में अपनी रिटेल उपस्थिति को मज़बूत किया “501 गणेश बीड़ी” मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया पंजाबी गायक गुलाब सिंह सिद्धू के घर पर गोलीबारी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ बांग्लादेश में 7 हसीना सहयोगियों को मौत की सज़ा, भारत में शरण पर अटकलें उत्तम संयम धर्म की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने मनाई सुगंध दशमी
चंडीगढ़ Trending

 “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष, विद्या भारती के विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति के स्वरों से गूँज रहा विद्यालय परिसर 

चंडीगढ़ : भारत के महान उपन्यासकार, कवि एवं पत्रकार बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित अमर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर के विद्या भारती के सर्वहितकारी विद्या मंदिरों की भाँति शारदा सर्वहितकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सैक्टर 40-डी, चंडीगढ़ में भी विशेष तैयारी एवं अभ्यास का आयोजन किया जा रहा है।

विद्यालय परिसर में प्रतिदिन सभी कक्षाओं के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक इस अभ्यास में भाग ले रहे हैं। विद्यार्थी अनुशासित एवं पंक्तिबद्ध होकर सामूहिक गायन का अभ्यास कर रहे हैं। अभ्यास के दौरान गीत के शुद्ध उच्चारण, स्वर-सामंजस्य तथा भावपूर्ण प्रस्तुति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय गीत की गरिमा एवं भावनात्मक संदेश पूर्ण रूप से अभिव्यक्त हो सके।

यह अभ्यास विद्यालय के प्रधानाचार्य माननीय श्री प्रेम सिंह खिमटा जी तथा समस्त शिक्षकों के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत उत्साह देखने को मिल रहा है।

वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, सम्मान और समर्पण की भावना का प्रतीक है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के हृदय में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव, राष्ट्रीय एकता तथा मातृभूमि के प्रति कर्तव्यबोध को जागृत करना है। यह गीत हमें अपने देश की समृद्ध संस्कृति, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और राष्ट्रीय मूल्यों की स्मृति दिलाता है।

विशेष उल्लेखनीय है कि यह तैयारी केवल हमारे विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्या भारती से संबद्ध देशभर के सभी विद्यालयों में एक साथ की जा रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 सितंबर को प्रातः 11:00 पूरे देश में एक ही समय पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में एक करोड़ से अधिक भारतीयों के सहभागी बनने का लक्ष्य रखा गया है। यह विशाल राष्ट्रव्यापी प्रयास सामूहिक गायन के माध्यम से एक नया कीर्तिमान स्थापित करने तथा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

यह आयोजन राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक चेतना का प्रेरणादायी संदेश प्रसारित करेगा तथा विद्यार्थियों के मन में भारत माता के प्रति अटूट श्रद्धा, गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेगा। 🇮🇳🇮🇳