Wednesday, 05 August 2026
Breaking News
"वोकल फॉर लोकल" से "लोकल टू ग्लोबल" की ओर भारत का बढ़ता कदम, 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में होगा भव्य भारत व्यापार महोत्सव : हरीश गर्ग ये भी कोई आतंकी हमले थे? अमृत चीमा ग्लैमरस क्वीन, प्रभदीप कौर सावन क्वीन, अंजू ढींगरा तीज क्वीन व दीप बराड़ ब्यूटीफुल फैशन आइकॉन हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौतम ने पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सवागत ग्लो बल आर्ट क्रिएशंस ने की प्रभावशाली पंजाबी फीचर फिल्म ‘पीड़ (दर्द-ए-दिल)’ की घोषणा सावन के प्रथम सोमवार पर मुख्यमंत्री ने सकेतड़ी स्थित महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना असम की बाढ़: बारिश के साथ नागालैंड में पर्यावरणीय क्षति पर उठे सवाल हमारे समय तुम कहां थे प्रभु? पंजाब के पाँच लाख युवा नशे के खिलाफ लेंगे संकल्प : सांसद विक्रम साहनी तथास्तु वूमेन एम्पावरमेंट विंग 14 अगस्त को आयोजित करेगा "तीज मुटियारां दी" का भव्य उत्सव
कविताएँ Trending

कितनी बुरी होती है…….

Read in:Hindi

कितनी बुरी होती है
वो नज़र
जो माँ के लाडले को
अपनों के प्रेम से निहारने से अचानक
लग जाती है
और
नमक या राई वारने से,
सात लाल मिर्च जलाने से
उतर भी जाती है।

कितनी हैरान होती है
विध माता भी
जब माँ
छठी रात को
अपने लाडले का
श्रेष्ठ भाग्य लिखने की
ज़िद करती है

कितनी स्वार्थी है माँ
जब दुःखों को
खुद पर लेकर
सुख की दुआएं देती है
सारी अलाएँ-बलाएँ
दो मुठियों में जकड़ कर
दूर झड़क देती है।

माँ फूंक मार कर
कर देती है ठीक
हर चोट का दर्द,
हथेलियां रगड़ कर
लाल दुखती आँख को
कर देती है तुरंत ठीक।

माँ कितनी बड़ी झूठी है
दर्द छुपा कर
खुद से अलग करके
भेज देती है कमाने परदेस बच्चों को
जबकि उसकी भूख
केवल बच्चे को सुकून से
भरपेट खिलाने में है
थपकी देकर सुलाने में है
डाँट कर सुबह उठाने में है।

माँ कितनी बड़ी ड्रामेबाज है
गुस्से का नाटक करती है,
हँसने के मौकों पर भी
पल्लू भिगोती है।

माँ बेमकसद रोती है
बेवजह झगड़ती है
बेइंतहा चिल्लाती है
कितनी बक बक करती है।

अंत में
जब बच्चों को अपनी बचपन की फ़ोटो
उसकी आखिरी सांस के बाद
उसके तकिये के नीचे मिलता है
तो उन्हें समझ आता है
माँ का होना क्या होता है
माँ का न होना क्या होता है!!!

– मीनाक्षी आहूजा