पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी सहित कई कैबिनेट मंत्रियों और दिग्गज संतों ने दी गरिमामयी उपस्थिति
मोहाली : सेक्टर-89 स्थित श्री अमृतेश्वर महादेव मंदिरके स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य ‘श्री अमृतेश्वर महोत्सव भजन संध्या’ में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। विख्यात बॉलीवुड व सूफी गायक बी प्राक के भजनों ने यहाँ पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के रस में पूरी तरह सराबोर कर दिया।
श्री अमृतेश्वर महादेव मंदिर बापू मुक्तानंद चैरिटेबल ट्रस्ट एवं विश्व परमार्थ फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस विशाल धार्मिक समागम में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संतों के सानिध्य से शिवमय हुआ पूरा परिसर-
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और विख्यात समाजसेवी प्रदीप गोयल ने बताया कि देश के कोने-कोने से पधारे महान संत-महात्माओं और अपार जनसमूह की मौजूदगी से पूरा मंदिर प्रांगण “हर-हर महादेव” और “जय महाकाल” के जयघोष से गूंज उठा। यह अलौकिक महोत्सव पूज्य बापू मुक्तानंद (सभापति, अग्नि अखाड़ा) के पावन सानिध्य और महंत सम्पूर्णानंद ब्रह्मचारी की अध्यक्षता में विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस अवसर पर ब्रह्मर्षि श्री कुमार स्वामी सहित कई अन्य पूजनीय संतों ने मंच से श्रद्धालुओं को अपना दिव्य आशीर्वाद प्रदान किया।
मंच पर जुटे राजनैतिक जगत के दिग्गजइस धार्मिक महोत्सव में राजनीति और समाजसेवा से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों ने माथा टेका। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री के.एल. पवार व विपुल गोयल,गौरव गौतम,राजेश नागर हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, भाजपा नेता बंतो कटारिया, समाजसेवी जगमोहन गर्ग तथा मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों को आयोजन समिति द्वारा स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
“महाकाल महाकाल है प्यारे…” भजन पर झूम उठे श्रद्धालु
भजन संध्या की मुख्य विशेषता रहे गायक बी प्राक, जिन्होंने मंच संभालते ही अपनी बुलंद आवाज़ और खास अंदाज़ से समां बांध दिया। उन्होंने एक से बढ़कर एक मधुर और रूहानी शिव भजनों की झड़ी लगा दी। जब बी प्राक ने ‘शंकर करुणाकारा’, ‘ये बात बस याद रखिओ, महाकाल महाकाल है प्यारे’, ‘शिव की पूजा करिओ रे’ और ‘मोहे जोगी बनाइओ भोले’ जैसे भजनों की लाइव प्रस्तुति दी, तो पंडाल में बैठे श्रद्धालु खुद को झूमने से नहीं रोक पाए।
समूचा वातावरण शिव के रंग में रंग गया। बी प्राक के अलावा सह-कलाकार अस्मिता और माहिर ने भी भोलेनाथ के भजनों की बेहद आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी संगत ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खूब सराहना की।विशाल भंडारे के साथ समापनभजन संध्या के सफल समापन के बाद मंदिर परिसर में एक विशाल भंडारे (लंगर) का आयोजन किया गया।
इसमें वीआईपी अतिथियों, संतों और समाज के सभी वर्गों के हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बेहद श्रद्धा भाव से महाप्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मोहाली पुलिस, स्थानीय प्रशासन और सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया।