सुशील कुमार सिंधी /पटियाला
पटियाला पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे दो कथित सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 7 पिस्तौल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेजिंदर सिंह उर्फ फौजी, निवासी गांव दौण कलां, थाना सदर पटियाला और राहुल उर्फ दाना, निवासी हरिदास कॉलोनी, नाभा के रूप में हुई है।
एसएसपी पटियाला हरमंदीप सिंह हंस, आईपीएस ने बताया कि यह कार्रवाई डीजीपी पंजाब गौरव यादव, आईपीएस और डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चाहल, आईपीएस के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। सीआईए पटियाला की टीम ने साधू बेला रोड इलाके में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 32 कैलिबर की 6 पिस्तौलें और 19 जिंदा कारतूस, जबकि 30 कैलिबर की 1 पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
इस मामले में थाना अर्बन एस्टेट पटियाला में FIR नंबर 212, दिनांक 28 सितंबर 2026, असला एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी तेजिंदर सिंह उर्फ फौजी पूर्व में सेना में रह चुका है और उसके खिलाफ पटियाला जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, अप्रैल 2022 में पंजाबी यूनिवर्सिटी के बाहर कबड्डी खिलाड़ी धर्मिंदर भिंदा की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था और वह मई 2026 में जमानत पर जेल से बाहर आया था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी विदेश में बैठे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के फरार आरोपियों तथा जेल में बंद अपराधियों के संपर्क में था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद हथियार किस वारदात के लिए लाए गए थे।
कोर्ट में पेश किए जाएंगे आरोपी
दोनों आरोपियों से हथियारों की बरामदगी और उनके नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा दोनों को 29 सितंबर 2026 को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि हथियारों के स्रोत और संभावित आपराधिक साजिश का पता लगाया जा सके।
पटियाला पुलिस की इस कार्रवाई से हथियारों के साथ घूम रहे कथित गैंग सदस्यों पर शिकंजा कसने की बात सामने आई है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बरामद हथियार कहां से आए और इनका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था।
पंजाब
Trending
पटियाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, 7 पिस्तौल और 23 जिंदा कारतूस बरामद